
एयरपोर्ट से पश्चिमी यूपी की तस्वीर बदलेगा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने जा रहा है। अगले तीन सालों में 70 लाख नए रोजगार के अवसर मिलेंगे। यह एयरपोर्ट प्रदेश का व्यापारिक केंद्र बनेगा और एक्सपोर्ट में 300% का उछाल आने की उम्मीद है। कई जिलों में नए उद्योग स्थापित होंगे।
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ना सिर्फ गौतमबुद्ध नगर जिले, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर भी बदल देगा। इस एयरपोर्ट की वजह से यह इलाका पूरे देश का अहम व्यापारिक केंद्र बनेगा। दावा किया गया है कि अगले तीन सालों में 70 लाख से अधिक नए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश का ग्रोथ इंजन साबित होगा। इसके बूते प्रदेश का व्यापार काफी आगे पहुंचेगा और दुनिया भर में यहां के उत्पाद एयरपोर्ट की वजह से आसानी से पहुंच सकेंगे। एयरपोर्ट के निर्माण के कारण गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और हरियाणा के जिलों में कई अहम परियोजनाएं आई हैं।

गौतमबुद्धनगर जिले में सबसे अधिक निवेश आने का प्रमुख कारण भी एयरपोर्ट ही है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के दावों के अनुसार इस एयरपोर्ट के कारण उत्तर प्रदेश से होने वाले एक्सपोर्ट में तीन सौ फीसदी से अधिक का उछाल आने की उम्मीद है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में एयरपोर्ट के कारण 70 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। यहां पर बड़ी संख्या में नए उद्योग स्थापित होंगे। इसके लिए जरूरी आधारभूत संरचना को पूरा करने में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण के अलावा संबंधित जिलों के विकास प्राधिकरण जुटे हैं। इसके अलावा सड़कों और रेल मार्ग के लिए भी लगातार कार्य हो रहे। रेल मार्ग को विकसित करने के साथ ही रैपिड और मेट्रो के भी नए कॉरिडोर बनाए जा रहे। नए एक्सप्रेसवे भी यहां से निकल रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




