
कार बेचने के नाम पर अधिवक्ता से रुपये हड़पे
-आरोपियों ने आठ लाख रुपये में कार बेचने का सौदा किया था -पीड़ित ने
नोएडा, संवाददाता। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में टूर एंड ट्रैवल्स नामक कंपनी चलाने वाले पिता-पुत्र समेत तीन लोगों पर कार बेचने के नाम पर 3.28 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित अधिवक्ता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सेक्टर-22 में रहने वाले यशवंत कुमार ने पुलिस को बताया कि वह एक अधिवक्ता हैं। हरियाणा के गुरुग्राम निवासी टूर एंड ट्रेवल्स के मालिक ओम प्रकाश, उनका पुत्र ललित और अमित सिंह कुछ समय पहले उनके संपर्क में थे। अमित सिंह ने नवंबर 2022 में उनसे संपर्क किया और वाहन खरीदने का प्रस्ताव रखा। ललित कुमार के नाम एक कार थी।
वह उस कार को आठ लाख रुपये में बेचने को तैयार हुआ। अमित सिंह को नौ नवंबर 2022 को ऑनलाइन 16 हजार रुपये अग्रिम भुगतान कर दिया। इसके बाद आरोपियों के कहने पर उन्होंने ओम प्रकाश टूर एंड ट्रैवल्स के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 1.89 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। धीरे-धीरे करके उन्होंने कुल 3.28 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। शेष रकम को वाहन अपने नाम पर स्थानांतरित करते समय देना तय हुआ। आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद आरोपियों ने कार उनके नाम ट्रांसफर नहीं की। आरोपियों ने रुपये वापस मांगने पर बरगलाना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने रुपये देने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




