Noida News: आर्यन की मौत मामले में शिकायत के इंतजार में थमी कार्रवाई
Noida News: नोएडा के सेक्टर-58 में बारिश के दौरान 27 वर्षीय इंजीनियर आर्यन की मौत को चार दिन हो गए हैं, लेकिन परिजनों की शिकायत न मिलने के कारण पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर सकी है। नोएडा प्राधिकरण और विद्युत निगम अलग-अलग कारण बता रहे हैं, जिससे मामले की गुत्थी और जटिल हो गई है।

Noida News: नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैंकवार। सेक्टर-58 में बारिश के दौरान इंजीनियर आर्यन की मौत को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन परिजनों की शिकायत न मिलने के कारण पुलिस अब तक एफआईआर दर्ज नहीं कर सकी है। उधर, मौत के कारण को लेकर नोएडा प्राधिकरण और विद्युत निगम अलग-अलग दावे कर रहे हैं, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। 27 वर्षीय इंजीनियर आर्यन की मौत के मामले में चार दिन बाद भी पुलिस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी है। इसकी सबसे बड़ी वजह परिजनों की ओर से अब तक कोई औपचारिक शिकायत का न दिया जाना है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज कर सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू की जाएगी।
साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि हादसे में किस स्तर पर लापरवाही हुई। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद जांच के दौरान यह तय किया जाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और यदि किसी विभाग या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। आर्यन की मौत के कारण को लेकर अभी भी तस्वीर साफ नहीं है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी का दावा है कि सड़क पर भरे पानी में करंट उतरने से आर्यन की जान गई, जबकि ऊर्जा निगम के अधिकारी इस दावे को खारिज कर रहे हैं। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि मौके पर लगे बिजली के खंभे में करंट नहीं था और आज भी उसकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज पुलिस के कब्जे में है, जिसमें आर्यन बारिश के दौरान सड़क किनारे नाले की ओर जाते और गिरते दिखाई देता है। हालांकि जिस कैमरे में यह दृश्य रिकॉर्ड हुआ था, उसे बाद में हटा दिया गया। संबंधित कंपनी का कहना है कि कैमरे की रिकॉर्डिंग स्पष्ट नहीं थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


