Noida News: पुरानी पॉलिसी पर एक करोड़ के रिटर्न का झांसा देकर डॉक्टर से 20 लाख ठगे
Noida News: नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार। साइबर अपराधियों ने पुरानी इंश्योरेंस पॉलिसी पर एक करोड़ रुपये मिलने का

Noida News: नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर अपराधियों ने पुरानी इंश्योरेंस पॉलिसी पर एक करोड़ रुपये मिलने का लालच देकर सेक्टर-27 निवासी 81 वर्षीय डॉक्टर से 20 लाख रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली। जालसाजों ने पीड़ित से व्हाट्सऐप के जरिये संपर्क कर जालसाजी की। साइबर थाना पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-27 निवासी डॉक्टर रतिश चंद्र ने पुलिस को बताया कि अनजान व्यक्तियों ने उनके व्हाट्सऐप नंबर पर संदेश भेजकर बातचीत शुरू की। आरोपियों के पास उनकी पुरानी इंश्योरेंस पॉलिसी से संबंधित कुछ जानकारियां थीं। इन्हीं जानकारियों को साझा कर आरोपियों ने उनका भरोसा जीतने की कोशिश की। इसके बाद पॉलिसी के बदले एक करोड़ रुपये का रिटर्न दिलाने का प्रस्ताव दिया। ठगों ने रकम प्राप्त करने के लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करने और निर्धारित धनराशि जमा करने की बात कही। आरोपियों ने डॉक्टर से एक फॉर्म भी भरवाया और प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर रुपये मांगने शुरू कर दिए। शुरुआत में उनसे एक लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद अलग-अलग चरणों में और रकम जमा करने के लिए कहा जाता रहा। डॉक्टर आरोपियों के झांसे में आते गए और आठ दिन के भीतर सात बार में कुल 20 लाख एक हजार 712 रुपये भेज दिए। उन्हें उम्मीद थी कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद पॉलिसी की रकम मिल जाएगी, लेकिन खाते में एक करोड़ रुपये नहीं आए।
ठगी के बाद पुलिस की जांच
रकम मांगने पर बंद संपर्क किया
डॉक्टर ने काफी समय तक वादे के मुताबिक रकम नहीं मिलने पर आरोपियों से संपर्क किया और अपने रुपये वापस करने का दबाव बनाया। इसके बाद जालसाजों ने उनसे बातचीत बंद कर दी। ठगी का अहसास होने पर डॉक्टर ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर थाना पुलिस ने रविवार को केस दर्ज किया। पुलिस अब उन बैंक खातों का ब्योरा जुटा रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई। साथ ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए लेनदेन और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पॉलिसी ठगी से बचने के तरीके
पॉलिसी पर मोटे रिटर्न के लालच से रहें सावधान:
पुरानी इंश्योरेंस पॉलिसी पर अचानक लाखों या करोड़ों रुपये मिलने का फोन आए तो सतर्क हो जाएं।अनजान व्यक्ति के भेजे व्हाट्सऐप संदेश, लिंक या फॉर्म पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। पॉलिसी की जानकारी होने भर से किसी कॉल करने वाले को असली एजेंट न मानें।बोनस, मैच्योरिटी या अतिरिक्त रिटर्न दिलाने के नाम पर निजी खाते में रकम जमा न करें।पॉलिसी से जुड़ी जानकारी के लिए संबंधित बीमा कंपनी के आधिकारिक नंबर या वेबसाइट का इस्तेमाल करें।ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी और पासवर्ड किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें। जल्द शिकायत करने से रकम रोकने की संभावना बढ़ सकती है।


