Noida News: निर्माणाधीन दुकान की शटरिंग गिरने से तीन मजदूर घायल

हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

Noida News: नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार। प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-33 में बनाई जा रही निर्माणाधीन दुकान में

Noida News: निर्माणाधीन दुकान की शटरिंग गिरने से तीन मजदूर घायल

Noida News: नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-33 में बनाई जा रही निर्माणाधीन दुकान में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। दुकान का लिंटर डालने के दौरान शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में तीन मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक मजदूर को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस, अग्निशमन विभाग और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद निर्माणस्थल पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस के अनुसार सेक्टर-33 के बी ब्लॉक में नोएडा की ओर से दो मंजिला दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार दोपहर करीब 3.45 बजे निर्माणाधीन दुकान की छत पर लिंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग का हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। उस समय निर्माणस्थल पर कुल 16 मजदूर काम कर रहे थे। शटरिंग गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में तीन मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। घायलों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी संजना, शिवलाल और प्यारेलाल के रूप में हुई है। इनमें संजना और शिवलाल को गंभीर चोटें लगी हैं, जबकि प्यारेलाल को मामूली चोटें आईं। तीनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों गंभीर घायलों का इलाज जारी है। घटना की सूचना दोपहर 3.50 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस की टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला और यह सुनिश्चित किया कि मलबे में कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो। राहत कार्य पूरा होने के बाद अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

नहीं मिली लिखित शिकायत:

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में अब तक किसी भी घायल या उनके परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। निर्माणस्थल पर शटरिंग की गुणवत्ता, तकनीकी निगरानी, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और मजदूरों के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार या जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

ऐसे हुआ हादसा:

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिंटर डालने का काम तेजी से चल रहा था। अचानक तेज आवाज के साथ शटरिंग नीचे गिर गई, जिससे मौके पर अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद मजदूरों और लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व फायर विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में राहत दल मौके पर पहुंच गया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल निर्माण स्थल पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है। एहतियात के तौर पर निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से भी हादसे के संबंध में जानकारी ली जा रही है। साथ ही निर्माण से जुड़े सभी दस्तावेज और सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जाएगी, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

मानकों की अनदेखी की आशंका:

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों के बीच सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि यदि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए तो इस तरह के हादसों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतज़ार है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

घायल मजदूरों की पहचान क्या है?
घायलों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी संजना, शिवलाल और प्यारेलाल के रूप में हुई है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।