Noida News: लिफ्ट गिरने पर संचालक समेत तीन पर केस दर्ज
Noida News: नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार । सेक्टर-51 में गुरुवार को आयोजित व्यापारी सम्मेलन के दौरान लिफ्ट गिरने के

Noida News: नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-51 में गुरुवार को आयोजित व्यापारी सम्मेलन के दौरान लिफ्ट गिरने के मामले में पुलिस ने बैंक्वेट हॉल के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही और लिफ्टमैन की तैनाती नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल में गुरुवार को उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से पांचवां व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।
वीआईपी कार्यक्रम होने के कारण मौके पर पुलिस बल भी तैनात था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ लोग ऊपरी मंजिल से लिफ्ट के जरिए नीचे आ रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इमरजेंसी चाबी की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। हालांकि, कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना के बाद सेक्टर-51 चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आशु चौधरी की शिकायत पर थाना सेक्टर-49 पुलिस ने वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल के संचालक विनोद अरोड़ा, अश्वनी छावड़ा और प्रबंधक अश्विनी शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा-289 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में लिफ्ट का नियमित रखरखाव नहीं कराया जाना और लिफ्टमैन की तैनाती न होने की बात सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक यह गंभीर लापरवाही थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।


