Noida News: तेज आवाज में गाना बजाने से रोकने पर पड़ोसी की पीटकर हत्या
Noida News: नोएडा,रवि प्रकाश सिंह रैकवार । गेझा गांव में शनिवार को तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध

Noida News: नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। गेझा गांव में शनिवार को तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध करने पर दो युवकों ने पड़ोसी के साथ मारपीट की। परिजन घायल को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फेज-2 थाने की पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों को रविवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गेझा गांव की गली नंबर पांच में सतीश शर्मा परिवार के साथ रहते थे। वह किराये पर मकान दिलाने का काम करते थे। उनके घर के सामने सुमित अपने पिता सतीश और भाई ललित के साथ रहता है।
शनिवार को सुमित के बेटे का जन्मदिन था। घर में समारोह चल रहा था और तेज आवाज में गाने बज रहे थे। आवाज से परेशान सतीश शर्मा ने कई बार गाने की आवाज कम करने के लिए कहा। जब आवाज कम नहीं हुई तो शाम करीब सात बजे वह सुमित के घर पहुंचे और फिर से आपत्ति जताई। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर सतीश घर से बाहर गली में आ गए।आरोप है कि सुमित और ललित ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सतीश सड़क पर गिर गए। सिर और मुंह में चोट लगने के बाद वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई मनीष ने फेज-2 थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुमित और ललित के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


