Noida News: अलग-अलग स्थानों से कूड़े की दो गाड़ियां पकड़ीं
Noida News: नोएडा में सार्वजनिक स्थानों पर रात में कूड़ा डालने के खिलाफ विशेष टीमों ने कार्यवाही शुरू कर दी है। पिछले एक सप्ताह में दो गाड़ियां कूड़ा डालते पकड़ी गई हैं। एक गाड़ी पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि दूसरी पर कार्रवाई चल रही है। कूड़ा डालने की योजनाओं में कबाड़ियों का भी हाथ है।

Noida News: नोएडा, विक्रम शर्मा। शहर के सार्वजनिक स्थानों पर रात में कूड़ा डालने के मामले में प्राधिकरण की ओर से गठित की गई विशेष टीमों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एक सप्ताह में कूड़ा डालते समय दो गाड़ियां पकड़ी गई हैं। एक गाड़ी चालक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया जबकि दूसरे पर कार्रवाई की जा रही है। पिछले महीने प्राधिकरण अधिकारियों की जानकारी में आया था कि सार्वजनिक स्थानों पर रात में कुछ लोग गाड़ियों से कूड़ा डाल रहे हैं। खासतौर से हिंडन और यमुना के डूब क्षेत्र के पुश्ते के आसपास ऐसा किया जा रहा है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए प्राधिकरण ने एक सप्ताह पहले तीन गनमैन के साथ वर्क सर्किलों के अवर अभियंता और प्राधिकरण की एनजीओ के सदस्यों को शामिल करते हुए टीमें बनाई थीं।
टीम रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक अलग-अलग स्थानों पर जांच करेगी। इस बारे में प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश ने बताया कि बीते एक सप्ताह में कूड़ा डालते हुए दो गाड़ियां पकड़ी गई हैं। मौके पर पकड़े जाने पर एक गाड़ी मालिक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। दूसरी गाड़ी, रविवार रात ही पकड़ी है। इस पर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि कूड़ा डालने में कबाड़ियों का हाथ सामने आ रहा है। लोगों-कंपनियों के यहां से पैसे लेकर कूड़ा उठाने के बाद इनको सार्वजनिक स्थान पर फेंक रहे थे। सेक्टर-145 में प्राधिकरण की जो साइट है, वहां पर सिर्फ प्राधिकरण के माध्यम से ही भेजे जाने वाला कूड़ा लिया जाता है।


