
डियर पार्क बनाने के लिए प्राधिकरण ने बढ़ाए कदम
नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-91 बायोडायवर्सिटी पार्क में डियर पार्क सनसेट सफारी के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया है। इसके तहत हिरण के बाड़े और अन्य सुविधाओं का निर्माण होगा, जिसमें 15.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे। आवेदन 23 दिसंबर तक मांगे गए हैं, और नए साल से काम शुरू होने की उम्मीद है।
-नोएडा प्राधिकरण ने जारी किया टेंडर नोएडा, प्रमुख संवाददाता। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-91 बायोडायवर्सिटी पार्क परिसर में बनने वाले डियर पार्क सनसेट सफरी को बनाने के लिए कदम बढ़ाए हैं। इसके निर्माण के लिए बुधवार को टेंडर जारी कर दिया गया। टेंडर के जरिये हिरण के बाड़े, गलियारा, सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। इन काम पर 15 करोड़ 96 लाख रुपये का खर्च आएगा। टेंडर के तहत 23 दिसंबर तक एजेंसियों से आवेदन मांगे गए हैं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नए साल से इसका काम शुरू करा दिया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि पार्क का प्रवेश द्वार, डॉक्टर रूम और वार्ड, ऑफिस अलग से बनवाया जाएगा।

वहीं सनसेट सफारी से जुड़ी लाइटिंग के लिए प्राधिकरण का बिजली विभाग अलग से टेंडर जारी करेगा। नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के निदेशक आनंद मोहन ने बताया कि डियर पार्क व सनसेट सफारी 32 एकड़ में बनाया जाएगा। इसमें हिरण के 9 बाड़े बनाए जाने हैं। हर बाड़े में अलग-अलग प्रजाति के हिरण रखे जाने हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी बाड़ों को जंगल के स्वरूप में विकसित किया जाएगा। अफ्रीकी हिरण जब आएंगे तो उनके बाड़े को अलग रूप से तैयार किया जाएगा। डियर पार्क को बायोडायवर्सिटी पार्क से अलग किया जाएगा। इसके लिए चारदीवारी बनाई जाएगी। वहीं पहले से बनी चारदीवारी के ऊपर तार लगाए जाने का भी काम होना है। इसमें 3 करोड़ 93 लाख 68 हजार रुपये की लागत अुनमानित है, जिसके लिए एजेंसी का चयन भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि पार्क के प्रवेश द्वार की डिजाइन का चयन किया जाना बाकी है। अन्य निर्माण व बिजली के काम के लिए अलग से टेंडर जारी किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


