
प्राधिकरण की जमीन पर अवैध निर्माण करने वालों पर केस दर्ज
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बसी बाउद्दीननगर, गढ़ी चौखंडी और इलाहाबास गांवों में अवैध निर्माण के मामले में 17 लोगों के खिलाफ 5 मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस ने जांच शुरू की है, जिसमें बिल्डर कंपनी और अन्य आरोपियों पर प्राधिकरण की जमीन पर बिना अनुमति कब्जा करने का आरोप है।
- बसी बाउद्दीननगर, गढ़ी चौखंडी और इलाहाबास गांव में जमीन पर किया अवैध कब्जा - प्राधिकरण के अधिकारियों ने फेज-तीन और फेज-दो थानों में दर्ज कराए पांच मुकदमे नोएडा, संवाददाता। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बसी बाउद्दीननगर, गढ़ी चौखंडी और इलाहाबास गांव में अवैध निर्माण करने के मामले में बिल्डर कंपनी समेत 17 लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पांच मुकदमे दर्ज कराए हैं। फेज-2 और फेज-3 थाने की पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है। नोएडा प्राधिकरण के अवर अभियंता मोहित भाटी ने फेज-3 थाने में एफआईआर दर्ज कराई कि बसी बाउद्दीननगर गांव में प्राधिकरण की जमीन है।
उस जमीन पर बिना अनुमति लिए सौरभ राणा, नितिन राणा और ब्रिकलैंड डेवलपर्स प्रबंधन ने अवैध निर्माण किया। वहीं, प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक पारसनाथ सोनकर ने भी एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि बसई गांव में अशोक कुमार, ओमवीर यादव, विजय नागर और भूपेंद्र गुप्ता ने प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ है। वहीं, अवर अभियंता मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि गढ़ी चौखंडी गांव में प्रदीप कुमार, रामराज, अजय तिवारी, अवध सिंह, नवीन, विशाल मिश्रा, उदयवीर चौहान, राकेश यादव ने प्राधिकरण की जमीन पर अवैध निर्माण किया हुआ है। अवर अभियंता विजेंद्र सिंह ने फेज-2 थाने में एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि इलाहबास गांव और निम्मी विहार में प्राधिकरण की अधिसूचित और अर्जित जमीन है। जमीन पर गांव के राम अवतार सिंह और दानिश अली ने अवैध कब्जा किया हुआ है। नोटिस के बाद भी जमीन को कब्जामुक्त नहीं किया गया। आरोपी रात में छिपकर अवैध निर्माण कार्य करा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




