
विवादित भूमि पर निर्माण करने वालों के खिलाफ मुकदमा
नोएडा प्राधिकरण के अवर अभियंता ने हल्द्वानी गांव में विवादित भूमि पर निर्माण करने का आरोप लगाते हुए एक नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने प्राधिकरण के स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले की जांच चल रही है।
नोएडा, संवाददाता। नोएडा प्राधिकरण के अवर अभियंता ने हल्द्वानी गांव में विवादित भूमि पर निर्माण करने का आरोप लगाते हुए एक नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ फेज-2 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-7 के अवर अभियंता हिमांक कटारिया ने पुलिस को बताया कि हल्द्वानी गांव के 19 खसरों की भूमि पर अमित त्यागी और कुछ अन्य लोगों द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। भूलेख विभाग के लेखपाल ने 14 अक्तूबर 2025 को पुलिस बल और साइट स्टाफ के साथ मौके पर जाकर निर्माण रुकवाने का प्रयास किया।
आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने प्राधिकरण के स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। इससे पहले भी आरोपियों ने प्राधिकरण की दीवार तोड़कर गेट लगाने और निर्माण कार्य कराने का प्रयास किया था। उस समय भी प्राधिकरण की टीम द्वारा काम रुकवाया गया था और एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई थी। अवर अभियंता ने यह भी बताया कि इस संबंध में उच्च न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन है, इसलिए अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




