प्रेमी के हमले में घायल प्रेमिका और उसके पिता की हालत में सुधार
नोएडा के हरौला गांव में शादी से इनकार करने पर प्रेमी द्वारा किए गए हमले में घायल प्रेमिका ज्योति और उसके पिता सुरेंद्र की हालत में सुधार हुआ है। दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हमले में प्रेमिका की मां की पहले ही मौत हो चुकी है। आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।

नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार । हरौला गांव में शादी से इनकार करने पर प्रेमी द्वारा किए गए हमले में घायल प्रेमिका और उसके पिता की हालत में अब सुधार है। दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हमले में घायल प्रेमिका की मां की पहले ही मौत हो चुकी है। पुलिस आरोपी को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल चुकी है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से बिहार के छपरा निवासी सुरेंद्र शर्मा अपनी पत्नी संजू देवी और दो बेटियों ज्योति और जूली के साथ हरौला स्थित मकान में रहते हैं। परिवार बीते शनिवार रात कमरे के बाहर गलियारे में सो रहा था। इसी दौरान बड़ी बेटी ज्योति पर शादी का दबाव बना रहा पड़ोसी युवक हरनाम छत के रास्ते वहां पहुंच गया। परिवार ने युवक के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था और ज्योति की कहीं और शादी की बात चल रही थी। इसी से नाराज होकर उसने सुरेंद्र शर्मा समेत परिवार के चारों सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रेमिका की मां संजू देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी। सुरेंद्र, ज्योति और उसकी बहन जूली घायल हो गई थी। जूली को कम चोट लगी थी। ऐसे में उसे घटना के दूसरे ही दिन अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। आरोपी की प्रेमिका ज्योति की हालत गंभीर थी। उसका बीते एक सप्ताह से उपचार चल रहा था। हालत में सुधार होने पर ज्योति और उसके पिता सुरेंद्र को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
परिवार अब बिसरख में रहेगा
जिस चौकी क्षेत्र में घटना हुई है, वहां के प्रभारी ने बताया कि पीड़ित परिवार अब बिसरख में रहने की योजना बना रहा है। सुरेंद्र के अन्य भाई वहीं रहते हैं। वहीं पर सभी भाइयों ने मकान बनवाया है। सुरेंद्र वहां शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे, उसके पहले ही वारदात हुई। बेटी के प्रेमी ने धारदार हथियार से वार कर उनकी पत्नी की हत्या कर दी। परिवार के लोग आज भी उस रात को याद करके सहम जाते हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


