युवती का शव कार के नीचे मिला, हत्या की आशंका

Jan 12, 2026 09:37 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 में 27 वर्षीय दीपा का शव एक पार्क के पास कार के नीचे मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। दीपा रविवार सुबह कॉल सेंटर जाने के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। पुलिस हत्या और हादसे की जांच कर रही है, मोबाइल फोन गायब है।

युवती का शव कार के नीचे मिला, हत्या की आशंका

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। सेक्टर बीटा-2 में रहने वाली युवती का शव सोमवार की सुबह पार्क के समीप सड़क किनारे खड़ी कार के नीचे पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस हत्या और हादसे को लेकर जांच कर रही है। मूलरूप से महोबा के पिपरी गांव की रहने वाली 27 वर्षीय दीपा सेक्टर बीटा-2 में किराये के मकान में अपने दो भाइयों के साथ रहती थी। दीपा नोएडा के सेक्टर-52 स्थित कॉल सेंटर में नौकरी करती थी। परिजनों के मुताबिक वह रविवार की सुबह कॉल सेंटर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह देर रात तक घर नहीं पहुंची।

सोमवार की सुबह सेक्टर में एक पार्क के समीप खड़ी कार के नीचे दीपा का शव पड़ा मिला। सेक्टर के लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव की पहचान की। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दीपा की हत्या की गई है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। आरोप है कि आरोपियों ने हत्या को हादसे का रूप देने के लिए शव को कार के नीचे फेंका। परिजनों ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। युवती के दो छोटे भाई हैं। दीपा का बड़ा भाई एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि दूसरा हाईस्कूल का छात्र है। उनके माता-पिता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। छोटा भाई स्कूल गया था, जबकि दूसरा नौकरी करने के लिए चला गया था। जल्द घर पहुंचने की कही थी बात घर न पहुंचने पर छोटे भाई ने बहन दीपा को कॉल की थी। उसने रविवार रात करीब नौ बजे अपने भाई से जल्द घर आने की बात कही। इसके बाद भी वह घर नहीं पहुंची तो भाई ने करीब दस बजे फिर से मोबाइल पर कॉल की, लेकिन उसका फोन बंद आया। सोममवार की सुबह मकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर पार्क के पास खड़ी कार के नीचे बहन का शव पड़े होने की सूचना मिली। मृतका के भाई के मुताबिक सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे। मोबाइल फोन गायब मिला इस घटना के बाद से युवती का मोबाइल फोन गायब है। पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि किसी राहगीर ने मोबाइल को उठा लिया हो। इसके साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने के बाद हमलावर मोबाइल को साथ ले गए हों। पुलिस मोबाइल के जरिए घटना का खुलासा करने की कोशिश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस घटना को लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे हैं। पुलिस का कहना है कि कई बिंदुओं पर काम किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। --- हत्या और हादसे को लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण पता चल सकेगा। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। -सुधीर कुमार, एडीसीपी, ग्रेटर नोएडा

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।