दोस्त ने गला दबाकर ली थी डिलीवरी ब्वॉय की जान
भोजन बनाने को लेकर हुआ था विवाद, आरोपी गिरफ्तार ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। सेक्टर इकोटेक

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। सेक्टर इकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र के हल्दौनी गांव में बीते शुक्रवार हुई डिलीवरी ब्वॉय की हत्या के मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने गला दबाकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक अलीगढ़ के बिसारा गांव का रहने वाला जितेंद्र कुमार उर्फ विनय उर्फ टीटू एक कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था। वह हल्दौनी गांव में उस्मान फार्म हाउस के पास किराये के मकान में अपने गांव के रहने वाले बचपन के दोस्त मुबारक के साथ रहता था।
मुबारक भी डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। पुलिस के मुताबिक पांच सितंबर को जितेंद्र का शव उसके कमरे में पड़ा मिला था। इस मामले में जितेंद्र के भाई रवि ने उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सेक्टर ईकोटेक तीन कोतवाली पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने इस मामले में बुधवार को अलीगढ़ के बिसारा निवासी मुबारक, जितेंद्र, मनोज, धर्मेंद्र और राजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने घटना का खुलासा कर जितेंद्र के दोस्त मुबारक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी मुबारक और जितेंद्र दोनों एक ही कमरे में किराये पर रहते थे। मुबारक ने बताया कि पिछले काफी दिन से जितेंद्र उसे कमरे का किराया नहीं दे रहा था। इसके चलते घटना के दिन मुबारक ने खाना मंगवाया था। इस बीच जितेंद्र आरोपी मुबारक के पास पहुंचा और उसके द्वारा मंगवाए गए खाने को खाने लगा। आरोपी ने इस बात का विरोध किया कि खुद तो खाना मंगवाता नहीं है और उसी के खाने में खाता रहता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक मुबारक ने गुस्से में आकर जितेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया था। मुबारक के एक साथी ने इस घटना की सूचना जितेंद्र के भाई को दी थी। मृतक के भाई ने घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस को कॉल की थी। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई थी। पुलिस का कहना है की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




