जिले में फिर से मोटो जीपी रेस कराने की कवायद तेज

Feb 11, 2026 11:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share

- बुधवार को रेस के संबंध में लखनऊ में उच्च स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई

जिले में फिर से मोटो जीपी रेस कराने की कवायद तेज

ग्रेटर नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। यमुना सिटी के सेक्टर-25 स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में एक बार फिर मोटो जीपी बाइक रेस कराने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को लखनऊ में इस संबंध में उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें रेस के आयोजन की तैयारियों और आगे की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) सीईओ आरके सिंह बुधवार को बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए। बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में सितंबर 2023 में पहली बार मोटो जीपी का आयोजन हुआ था, जिसे आधिकारिक तौर पर मोटो जीपी भारत नाम दिया गया था। यह अंतरराष्ट्रीय रेस का आयोजन डोर्ना स्पोर्ट्स करती है, जो स्पेन की कंपनी है और मोटो जीपी की कमर्शियल राइट्स होल्डर है।

भारत में इस इवेंट के प्रमोटर के रूप में फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स ने डोर्ना स्पोर्ट्स के साथ साझेदारी की थी। भारत में मोटो जीपी के आयोजन के लिए सात वर्ष का अनुबंध किया गया था, लेकिन कंपनी की अनियमितता के चलते 2023 के बाद यह रेस दोबारा नहीं हो सकी। 2023 में हुए आयोजन के लिए यूपी सरकार ने इन्वेस्ट यूपी को नोडल एजेंसी बनाया था। बुधवार को लखनऊ में हुई बैठक में पिछले आयोजन के अनुभवों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि जल्द बीआईसी में एक बार फिर रफ्तार का रोमांच देखने को मिलेगा। जापान सुपर फॉर्मूला रेस की चल रही वार्ता जापान की प्रतिष्ठित सुपर फॉर्मूला रेस कराने को लेकर पिछले माह जापान रेस प्रमोशन कॉरपरेरेशन (जीआरसी) का प्रतिनिधिमंडल भी बीआईसी का दौरा कर चुके हैं। यह रेस सिर्फ जापान में होती आई है, जिसे पहली बार भारत में कराने की योजना बन रही है। जापान सुपर फॉर्मूला ने 2023 में अपनी 50वीं वर्षगांठ मनाई थी। यह फार्मूला वन जैसी ही प्रतियोगिता है, जो दुनिया भर के बेहतरीन रेसर्स को एक मंच पर लाती है। इस साल 17 वर्षीय जुजू नोडा जापान की पहली महिला रेसर बनी हैं, जो इस सीरीज में हिस्सा ले रही हैं। रेस में 300 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से कार दौड़ती है। सुपर फॉर्मूला की लोकप्रियता उसके एसएफजीओ प्लेटफॉर्म से भी बढ़ी, जो कार रेसर का रियल-टाइम डाटा दिखाता है। केंद्रीय खेल मंत्री भी ट्रैक का निरीक्षण कर चुके विगत माह केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट का जायजा लिया था। उन्होंने यहां पर व्यवस्थाओं और सुविधाओं को परखा। उनके भ्रमण का मुख्य कारण बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में आयोजनों की कोर्ट से अनुमति लेना रहा। उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर खराब न होने व यहां अंतर राष्ट्रीय स्तर के रेसिंग आयोजन कराने पर बल दिया। बड़े स्तर पर पहचान मिलेगी यमुना सिटी के बीआईसी में पूर्व में दो फार्मूला वन रेस का आयोजन हो चुका है। यहां तक वर्ष 2023 में मोटो जीपी जैसे वैश्विक रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ है। यदि अब जापान सुपर फॉर्मूला रेस पर भी अधिकारियों के बीच सहमति बनती है, तो इससे एक ओर भारतीय मोटरस्पोर्ट्स को बड़ा अवसर मिलेगा, साथ ही यमुना सिटी को भी वैश्विक पहचान मिलेगी। मोटो जीपी को लेकर बुधवार को लखनऊ में बैठक हुई थी। रेस को दोबारा कराने के संबंध में अधिकारियों के बीच विस्तार से चर्चा हुई, जो सकारात्मक रही। - आरके सिंह, सीईओ यीडा

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।