Noida News: ग्रेनो के गांवों में शहर जैसी सुविधाएं मिलेंगी
Noida News: ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। ग्रेटर नोएडा के ग्रामीण इलाकों में सुविधाएं विकसित करने की तैयारी

Noida News: ग्रेटर नोएडा, प्रमुख संवाददाता। ग्रेटर नोएडा के ग्रामीण इलाकों में सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है। अब आवासीय सेक्टरों की तर्ज पर ग्रेनो क्षेत्र के गांवों में भी आधुनिक सामुदायिक केंद्र बनाए जाएंगे। पहले चरण में चार गांवों का चयन किया गया है। इनमें डाढ़ा, सिरसा, लुक्सर और इमलियाका शामिल हैं। ग्रेटर नोएडा के एक अधिकारी ने बताया कि इसका मकसद गांव के लोगों को शादी, जागरण, पंचायत और अन्य बड़े आयोजनों के लिए शहर या सेक्टरों पर निर्भर कम करना है। इन गांवों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सामुदायिक केंद्र विकसित किए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक इन केंद्रों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। अब तक गांव के लोगों को बड़े कार्यक्रमों के लिए दो बड़ी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। महंगे हाल बुक करने पड़ते है, दूसरा कई बार दूर-दराज के सेक्टरों में हाल तलाशने के लिए भागदौड़ करनी पड़ती है। इससे समय और रुपये दोनों की बर्बादी होती है। नए सामुदायिक केंद्र बनने के बाद ग्रामीणों को अपने ही गांव में कम खर्च में सारी सुविधाएं मिल जाएंगी। प्राधिकरण ने साफ किया है कि इन केंद्रों का डिजाइन गांवों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा.
ये सुविधाएं होंगी विकसित
प्रस्तावित सामुदायिक केंद्रों में शादी, मुंडन, जागरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पंचायत जैसी गतिविधियों के लिए बड़ा हाल बनाया जाएगा। इसके साथ ओपन एरिया भी होगा ताकि लोगों को बैठने की दिक्कत न हो। पार्किंग, शौचालय, पानी और लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इन केंद्रों के संचालन के लिए एक तय शुल्क रखा जाएगा ताकि रखरखाव में कोई समस्या न आए। इससे न सिर्फ ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी, बल्कि गांवों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
---कोट--
पहले चरण में चार गांवों में सामुदायिक केंद्र बनाने का फैसला किया है। अब उन्हें छोटे-छोटे आयोजनों के लिए भी शहर नहीं भागना पड़ेगा। जल्द ही इस पर काम शुरू कराने का प्रयास है।
- नागेंद्र सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक ग्रेनो प्राधिकरण


