
डायल-112 पर एक माह में 143 बार झूठी सूचना दी
दनकौर में एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जिसने डायल-112 पर एक महीने में 143 बार झूठी सूचना दी। आरोपी प्रदीप ने शराब के नशे में पुलिस को मदद के लिए कॉल किया, लेकिन हर बार सूचना झूठी निकली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
दनकौर, संवाददाता। पुलिस ने डायल-112 पर झूठी सूचना देकर गुमराह करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एक महीने में 143 बार पुलिस को कॉल कर छकाया था। दनकौर थाने की पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान चचुला गांव निवासी प्रदीप के रूप में हुई। प्रदीप ने दिसंबर में पुलिस को 143 बार झूठी सूचना देकर मदद की गुहार लगाई। सूचना पर हर बार पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सूचना झूठी पाई गई। आरोपी शराब के नशे में डायल-112 पर फोन करता और पुलिस से मदद की गुहार लगाता। वह कभी अपनी पत्नी से विवाद की सूचना देता तो कभी अपनी मां के गायब होने की सूचना देता।
कभी पड़ोसियों से झगड़ा होने या रास्ता बंद होने की झूठी सूचना देकर पुलिस को मदद के लिए बुलाता। हर बार पुलिस मौके पर पहुंचती, लेकिन वहां स्थिति सामान्य मिलती। आरोपी ने पुलिस को इतना छकाया कि डायल 112 के प्रभारी सत्यवीर सिंह ने रविवार की देर शाम दनकौर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सोमवार को दनकौर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्यालय में हाजिर किया। दनकौर पुलिस ने बताया कि आरोपी शराब पीने का आदी था। उसको अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। शराब के नशे में वह डायल 112 पर कॉल करता था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




