
चलती लग्जरी कार में आग लगी
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर पंचशील अंडरपास के पास एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू में आग लग गई। चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। दमकलकर्मियों ने 20 मिनट में आग बुझाई, लेकिन कार पूरी तरह से जल गई। चालक ने बताया कि गाड़ी उसने 40 लाख रुपये में खरीदी थी और यह पिछले 20 दिन से खड़ी थी।
नोएडा, संवाददाता। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बने पंचशील अंडरपास के पास गुरुवार दोपहर चलती लग्जरी कार में आग लग गई। चालक ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। दमकलकर्मियों ने करीब 20 मिनट में आग पर काब पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दिल्ली के लाजपत नगर निवासी नरेश कौशल इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करते हैं। उनका कार्यालय ओखला में है। वह गुरुवार दोपहर सेक्टर-82 में मीटिंग के उद्देश्य से डीजल से चलने वाली बीएमडब्ल्यू को लेकर नोएडा आए थे। जैसे ही वह पंचशील अंडरपास के पास पहुंचे तो अचानक इंजन से धुआं उठने लगा। एक अन्य वाहन चालक ने उन्हें इसकी जानकारी दी।
उन्होंने फौरन ही कार को सड़क किनारे लगाया और कूद गए। देखते ही देखते इंजन से आग की लपटें उठने लगीं। दमकलकर्मियों ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक गाड़ी जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। नरेश ने बताया कि वर्ष 2017 मॉडल की बीएमडब्ल्यू कार हरियाणा नंबर की है। उन्होंने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व 40 लाख रुपये में खरीदी थी। ग्रैप लागू होने के चलते करीब 20 दिन से घर पर खड़ी थी। पाबंदी हटने के बाद गुरुवार को लेकर वह नोएडा आए थे, लेकिन गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। गनीमत रही कि चालक की जान बच गई। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




