ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नोएडानिवेश से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे : योगी

निवेश से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे : योगी

फ्लैग : सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण करने दादरी आए मुख्यमंत्री बोले,...

निवेश से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे : योगी
हिन्दुस्तान टीम,नोएडाWed, 22 Sep 2021 09:10 PM
ऐप पर पढ़ें

नोएडा। मुख्य संवाददाता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है जिससे निवेश बढ़ रहा है और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। दादरी में बुधवार को सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण करने आये मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए राष्ट्रधर्म सबसे पहला धर्म होना चाहिए।

दादरी के मिहिर भोज पीजी कॉलेज में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी जाति अलग हो सकती है, उपासना अलग हो सकती है, लेकिन हमें एकजुट होकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार करना होगा, अगर राष्ट्र पर कोई आंच आई तो कोई सुरक्षित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रधर्म के लिए सभी एकजुट रहें और जाति-बिरादरी में ना बंटे। अगर बंटे तो देश सुरक्षित नहीं रहेगा। सम्राट मिहिर भोज ने यही सिखाया था, उनका यही संदेश था कि एकजुट रहो और देश के लिए सोचो।

दादरी में प्रथम बार आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि देश में गुलामी का कारण था कि हम अलग-अलग थे। हम जाति के बंधन में बंधे थे। हम संप्रदाय के बंधन में बंधे थे। कोई भी विदेशी आक्रांता आता था, वो हमारी फूट का फायदा उठाकर राज करता था। लेकिन अब हमें नहीं बंटना है। मुख्यमंत्री ने धन सिंह कोतवाल, पन्ना धाय, राव उमराव सिंह, रोशन सिंह जैसे महापुरुषों के बलिदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज हम देश की आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं और ऐसे महापुरुषों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने अपने कालखंड में महत्वपूर्ण काम किए।

गलतियों से सबक लेना होगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश ने काफी दर्द झेला है और यह दर्द देने वाले चेहरे भी आपके ही बीच के थे। जिन्हें नहीं भूलना और इतिहास में हुई गलतियों से सबक लेना है। 2014 में जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आते थे तो यहां पर ना बेटी सुरक्षित थी और ना ही व्यापार। कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा नहीं होने दी जाती थी। सुरेन्द्र नागर जिनका डेयरी का कारोबार है, वह भी बूचड़खानों से परेशान थे। लेकिन हमारी सरकार के आने के बाद सबसे पहले अवैध बूचड़खाने बंद किए गए और बेटियों की सुरक्षा के लिए वातावरण तैयार किया गया। आज सभी निश्चिंत हैं।

500 साल की समस्या का समाधान किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। 1947 के बाद से देश में किसी सरकार ने 500 साल से चली आ रही इस समस्या का समाधान नहीं किया। समस्या का समाधान इच्छा शक्ति से होता है और इसके लिए सरकार का दृढ़ निश्चयी होना भी जरूरी है। वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर जब कार्य होते हैं तो ऐसे ही परिणाम सामने आते हैं, आज कोई भी जाकर देखें कि अयोध्या में कितने भव्य राममंदिर का निर्माण हो रहा है।

अपील

सामाजिक विकृति को समाप्त करें

मुख्यमंत्री योगी ने मंच से ही सामाजिक संगठनों से कहा कि समाज में सामाजिक संगठनों की सबसे अहम भूमिका होती है, यदि हमारे समाज में किसी कालखंड में कोई विकृति पैदा हो गई है तो यह सामाजिक संगठन की जिम्मेदारी है कि वह जनजागरण अभियान चलाकर इस विकृति को समाप्त कराएं। आज समाज की विकृतियों को समाप्त करने के लिए सामाजिक संगठनो को अभियान चलाने होंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें