
ई-रिक्शा में 64 किलो गांजा बेचने जा रहा तस्कर दबोचा
नोएडा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गांजा लाने वाले अंतरराष्ट्रीय तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 64 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। एक अन्य तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास 10 किलो गांजा था। दोनों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
नोएडा, संवाददाता। पुलिस ने पश्चिम बंगाल से ट्रेन की बोगियों में रखकर गांजा लाने वाले अंतरराष्ट्रीय तस्कर को गुरुवार को गिरफ्तार किया। उसके पास से 64 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे वह ई-रिक्शा में रखकर बेचने जा रहा था। उसके अलावा एक अन्य तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 10 किलो गांजा बरामद हुआ। नोएडा जोन के डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि फेज-1 थाने की पुलिस गुरुवार को जांच कर रही थी। इसी बी सूचना मिली कि गांजा तस्कर झुंडपुरा बॉर्डर पर ई-रिक्शा लेकर आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने बैरिकेडिंग कर तलाशी शुरू कर दी।

कुछ ही देर बाद एक व्यक्ति ई-रिक्शा लेकर आता दिखाई दिया। संदिग्ध लगने पर चालक को हिरासत में लिया गया। ई-रिक्शा की जांच की तो उसमें 64 किलो गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिला निवासी निताई सरकार उर्फ चूपा बंगाली के रूप में हुई। वह वर्तमान में छलैरा गांव में रहता है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल से ट्रेन में पांच-छह किलोग्राम के छोटे-छोटे पैकेट की पैंकिग कर अलग-अलग बोगियों में रखकर गोल्डन मिर्ची गांजा दिल्ली लाता था। इसके बाद दिल्ली से चुराए ई-रिक्शा में रखकर बेचता था। पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से सात केस दर्ज हैं। सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने वर्ष 2019 में उसे पत्नी के साथ 17 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। सेक्टर-24 थाने की पुलिस ने गुरुवार को नाले की पटरी से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 10 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान गाजियाबाद के ईदगाह शहीदनगर निवासी मोहम्मद इमरान उर्फ शाहरुख उर्फ मुराद उर्फ दिल्ला के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




