
ग्रेनो में भारत और इंग्लैंड की क्रिकेट टीम आज भिड़ेंगी
ग्रेटर नोएडा। भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली पांच मैचों की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी-20
ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में भारत और इंग्लैंड की क्रिकेट टीम का गुरुवार को मुकाबला होगा। पांच मैचों की मिश्रित दिव्यांग टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज 29 जनवरी से शुरू होकर छह फरवरी तक चलेगी। दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। जिले में पहली बार इस तरह का अंतरराष्ट्रीय मैच होने जा रहा है। यह सीरीज न सिर्फ क्रिकेट के लिहाज से खास है बल्कि समाज को एक मजबूत संदेश भी देगी कि खेल किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होता। सीरीज के लिए दोनों टीमें पूरी तरह तैयार हैं। मुकाबले में पिच से स्पिन गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद मिलने की संभावना है।
ऐसे में दोनों टीमों के कप्तान तीन स्पिनर्स के साथ उतर सकते हैं। बल्लेबाजों को तेज आउटफील्ड का फायदा मिलने की संभावना है। जिले के दर्शकों को दोनों देशों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद (डीसीसीआई) के महासचिव रविकांत चौहान ने बताया कि यह सीरीज दिव्यांग क्रिकेट को मुख्यधारा में लाने की दिशा में बड़ा प्रयास है। इससे न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। बड़ी संख्या में दर्शकों के मैदान में पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि यह सीरीज सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं है बल्कि समानता, समावेशन और खेल भावना का उत्सव है। जब खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे, तो हर चौका-छक्का यह संदेश देगा कि हौसलों की कोई सीमा नहीं होती और खेल सबके लिए है। अंतिम दो मैच जयपुर में होंगे पांच मैच की इस सीरीज के पहले तीन मैच ग्रेनो के शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में खेले जाएंगे। वहीं, अंतिम दो मैच राजस्थान के जयपुर में होंगे। वहीं, भारतीय टीम घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। इंग्लैंड की टीम भी पूरी तैयारी के साथ चुनौती पेश करेगी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्रों में जमकर पसीना बहाया और सीरीज को यादगार बनाने के लिए उत्साहित हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




