व्हील चेयर बास्केटबॉल में भारत ने नेपाल को शिकस्त दी
नोएडा में आयोजित व्हील चेयर बास्केटबॉल यूनिटी कप के पहले मुकाबले में भारत ने नेपाल को 60-51 से हराया। दिव्यांग खिलाड़ियों ने दर्शकों को रोमांचित किया, चारों क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला। भारतीय टीम ने इस जीत के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

नोएडा, प्रमुख संवाददाता। व्हील चेयर बास्केटबॉल अंतरराष्ट्रीय सीरीज यूनिटी कप के पहले मुकाबले में भारत ने नेपाल को 60-51 से मात दी। बुधवार को नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा ने दर्शकों को रोमांचित किया। व्हील चेयर पर खिलाड़ियों की फुर्ती ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। बास्केट में गेंद डालकर अंक बटोरने पर खिलाड़ियों को दर्शकों की खूब वाहवाही मिली। मुकाबले के चारों क्वार्टर में भारत और नेपाल के खिलाड़ियों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला। एक-एक अंक के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मशक्कत की। आखिरकार भारतीय टीम ने नौ अंकों के अंतर से इस अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला जीत लिया।
दूसरा मुकाबला गुरुवार और तीसरा शुक्रवार को खेला जाएगा। भारतीय टीम ने पहली जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। पहली जीत मिलने के बाद भारतीय टीम से सीरीज जीतने की उम्मीद बढ़ गई है। कार्यक्रम का उद्घाटन इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल की चेयरमैन शालिनी सिंह ने किया। इस मौके पर युवा क्रांति सेना सेना के अविनाश सिंह सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन यूनिटी कप व्हील चेयर बास्केटबॉल प्रतियोगिता से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल के छात्रों ने भारतीय और नेपाल के लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद भी कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।


