Noida News: महागुन मार्ट के सामने अतिक्रमण से लोग परेशान
Noida News: रूपल राठी ... कई स्थानों पर दुकान लगाने वालों ने फुटपाथ पर सामान भी फैला रखा है

Noida News: ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में महागुन मार्ट के सामने बढ़ते अतिक्रमण के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे फुटपाथ पर जगह-जगह अवैध तरीके से दुकानें और ठेले लगाए जा रहे हैं। इसके चलते पैदल चलने के लिए बनाए गए फुटपाथ पर लोगों को जगह नहीं मिलती है। निवासी अनिल ने बताया कि महागुन मार्ट के सामने सुबह से ही दुकानें और ठेले लगने शुरू हो जाते हैं। धीरे-धीरे इनका दायरा फुटपाथ से सड़क तक पहुंच जाता है। इससे पैदल राहगीरों को मजबूरी में मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है।
सड़क पर तेज गति से वाहनों की आवाजाही के बीच पैदल चलने से हादसे का खतरा बना रहता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है।दीपक का कहना है कि फुटपाथ का उद्देश्य राहगीरों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना है, लेकिन अतिक्रमण के कारण इसका इस्तेमाल ही नहीं हो पा रहा है। कई स्थानों पर दुकान लगाने वालों ने फुटपाथ पर सामान भी फैला रखा है। इससे पैदल लोगों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है। वहीं, अतिक्रमण के कारण सुबह और शाम के समय यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो जाती है। सड़क के किनारे वाहन खड़े होने और दुकानों के आसपास लोगों की भीड़ जमा होने से जाम की स्थिति बन जाती है। पीक आवर में वाहनों की लंबी कतार लगने से वाहन चालकों को भी काफी परेशानी होती है। लोगों का आरोप है कि प्राधिकरण से कई बार अतिक्रमण हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ है। कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए स्थिति सामान्य होती है, लेकिन दोबारा उसी स्थान पर दुकानें और ठेले लग जाते हैं।


