सुपरटेक अपकंट्री सोसाइटी से अवैध पीजी हटेंगे
ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। यीडा ने मामला संज्ञान में आने के बाद तीन सदस्य समिति का गठन किया

ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। यमुना सिटी के सेक्टर-17ए स्थित सुपरटेक अपकंट्री परियोजना के बेसमेंट में चल रही अवैध रसोई और पीजी हटाए जाएंगे। इसके लिए ओएसडी शैलेंद्र सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्य समिति का गठन किया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) सीईओ आरके सिंह ने बताया कि सुपरटेक अपकंट्री परियोजना के बेसमेंट में अवैध गतिविधियां चलने की शिकायत मिली थी। इस मामले में परियोजना के आईआरपी हितेष गोयल को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन उनकी तरफ से मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया गया। लोगों की शिकायत पर यीडा ने ओएसडी शैलेंद्र सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्य समिति गठित की है।
समिति में ओएसडी के अलावा महाप्रबंधक परियोजना और नियोजन शामिल हैं। साथ ही, अधिकारियों को मौके पर जाकर बेसमेंट में चल रही अवैध रसोई और पीजी को हटाने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, संचालक स्वयं इन्हें नहीं हटाते तो प्राधिकरण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। बताया जाता है कि आसपास कॉलेज व विश्वविद्यालय के छात्रों को यहां पीजी बनाकर रहने की व्यवस्था कर दी गई है। काफी संख्या में युवा रात के समय नशे में परियोजना में टहलते रहते हैं, जिससे वहां रहने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।---एनसीएलटी में परियोजनासुपरटेक लिमिटेड को सुपरटेक अपकंट्री परियोजना के लिए वर्ष 2010 में 100 एकड़ का भूखंड आवंटित किया गया था। यह परियोजना फिलहाल एनसीएलटी में हैं, लेकिन यहां कुछ खरीदार रह रहे हैं। अधिकांश परियोजना खाली है। वहीं, परियोजना पर यमुना प्राधिकरण का 400 करोड़ से अधिक बकाया है।---
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


