Noida News: नोएडा स्टेडियम में टहलने आए व्यक्ति की हृदयगति रुकने से मौत
Noida News: नोएडा, गौरव भारद्वाज। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में शुक्रवार शाम टहलने आए एक व्यक्ति की हृदयगति

Noida News: नोएडा, संवाददाता। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में शुक्रवार शाम टहलने आए एक व्यक्ति की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। लोगों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक सेक्टर-48 निवासी सुभाष राणा रोजाना शाम को नोएडा स्टेडियम में घूमने आते थे। उनकी उम्र करीब 50 वर्ष थी। रोजाना की तरह वह शुक्रवार शाम को भी स्टेडियम में घूमने आए। शाम करीब 6.30 बजे अचानक घूमते समय उनके सीने में दर्द उठा और वह जमीन पर गिर गए। वहां घूमने आए अन्य लोगों की नजर उन पर पड़ी तो वह जमीन पर अचेत अवस्था में पड़े थे।
उनकी नाक से खून निकल रहा था। वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने सूचना देकर एंबुलेंस को मौके पर बुलाया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस को परिजन ने बताया कि वह हृदयरोगी थे। उन्हें पूर्व में हार्ट अटैक आ चुका था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने पर ध्यान दे रहे थे। परिजन से पूछताछ के बाद शुरुआती जांच में पुलिस यही अनुमान लगा रही है कि सुभाष राणा की मौत हृदय गति रुकने से हुई। वहीं, उनकी अचानक हुई मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।


