
युवक की हत्या के मामले में ग्रामीण पुलिस मुख्यालय पहुंचे, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की
ग्रेटर नोएडा के कैमराला गांव में युवक हरकेश की पीटकर हत्या के मामले में परिवार की महिलाएं और ग्रामीण पुलिस मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। हरकेश को फोन कर बुलाया गया और उसके बाद बुरी तरह पीटा गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।
ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। कैमराला गांव में युवक की पीटकर हत्या करने के मामले में परिवार की महिलाएं और ग्रामीण शुक्रवार को सूरजपुर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। आरोप लगाया कि युवक को फोन करके घर से बुलाया गया था। इसके बाद हत्या की गई। कैमराला गांव में रविवार की रात युवक हरकेश और उसके साथी मोहित को बुरी तरह पीटा गया था। अस्पताल में हरकेश की मौत हो गई थी, जबकि मोहित का अब भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
घटना के विरोध में शुक्रवार को काफी संख्या में परिवार की महिलाएं और गांव के लोग सूरजपुर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे। परिजन पुलिस कमिश्नर से मिलने पहुंचे थे। हालांकि, उनकी मुलाकात पुलिस कमिश्नर से नहीं हो सकी। पुलिस अधिकारियों ने परिवार के लोगों को मदद का भरोसा दिया। परिवार के एक सदस्य जितेंद्र ने बताया कि हरकेश की साजिश के तहत हत्या की गई। उसे फोन करके घर से बुलाया गया था। हरकेश ने अस्पताल में कुछ लोगों के नाम लिए थे। पुलिस ने इन आरोपियों को अब तक गिरफ्तार ने किया। उनकी मांग है कि घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए। मोहित के होश में आने पर और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं दादरी कोतवाली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है की घटना का चश्मदीद मोहित है। मोहित का अस्पताल में इलाज चल रहा है। अभी उसे होश नहीं आया है। पुलिस का दावा है कि मोहित के होश में आने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। मोहित के बयान में कुछ और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। इसके बाद पुलिस इनके खिलाफ भी कार्रवाई करेगी। पुलिस की जांच में जो अभी तक नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इनमें से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा जल्द फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। --कोट-- मोहित के परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया, जिन लोगों के नाम सामने आए, उनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी शेष है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। विवेचना में जिनके नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। सुधीर कुमार, एडीसीपी, ग्रेटर नोएडा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




