
ग्रेनो प्राधिकरण दफ्तर पर नलकूप संचालकों का धरना प्रदर्शन
किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में प्राधिकरण गेट पर जमा हुए कर्मचारी
ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। नलकूप संचालकों ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर पर धरना प्रदर्शन किया। जल आपूर्ति विभाग में वन सिटी वन ऑपरेटर व्यवस्था का विरोध किया है। ईएसआईसी, ईपीएफ का लाभ व समय से वेतन न दिए जाने पर रोष व्यक्त किया है। प्रदर्शन का नेतृत्व किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने किया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने सीईओ से वार्ता कराने का आश्वासन दिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ़ विकास प्रधान और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आलोक नागर ने कहा कि प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाली समस्याओं को लेकर कई बार पहले भी आंदोलन हुआ है, लेकिन प्राधिकरण के अधिकारी समस्या का निस्तारण नहीं कर रहे हैं।
वन सिटी वन ऑपरेटर व्यवस्था का विरोध करते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा। नलकूप संचालकों के सामने एक समान वेतन, ईएसआई व पीएफ का लाभ न मिलना सहित कई समस्याएं हैं। नलकूप संचालक व संगठन के कार्यकर्ता गेट के सामने धरने पर बैठ गए। चेतावनी दी कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा धरना जारी रहेगा। बता दें कि प्राधिकरण जल आपूर्ति व सीवर विभाग में वन सिटी वन ऑपरेटर व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इसके तहत एक कंपनी ही व्यवस्था संभालेगी। नलकूप संचालकों को डर है कि कहीं उन्हें नौकरी से हटा न दिया जाए। इस बीच प्राधिकरण ओएसडी राम नयन सिंह, महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह मौके पर पहुंचे। नलकूप संचालकों की समस्याओं को सुन बकाया वेतन का तीन दिन में भुगतान करने को कहा है। वहीं नौकरी की उम्र सीमा 60 से 65 करने और वन सिटी वन ऑपरेटर पर एक सप्ताह के अंदर प्राधिकरण के सीईओ के साथ वार्ता कराने का आश्वासन दिया है। महाप्रबंधक ने कहा कि वन सिटी वन ऑपरेटर व्यवस्था से किसी को नुकसान नहीं होगा। संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लोकेश भाटी ने कहा कि अधिकारियों ने समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया है, अगर एक सप्ताह के अंदर समाधान नहीं किया गया तो दोबारा अनिश्चितकालीन आंदोलन होगा। इस मौके पर विनय तालान, ब्रजेश भाटी, कृष्ण नागर, संजय कसाना, नरेंद्र भाटी, राजकुमार सिंह, हरेंद्र नागर, अखिल भाटी, उमेश राणा, सोनू भाटी, जितेंद्र, इमरान खान, सीपी सोलंकी, भारत नागर, पिंटू भाटी सहित बड़ी संख्या में नलकूप संचालक व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




