सूरजपुर- कासना मार्ग सजावटी लाइट से जगमग होगा

Mar 01, 2026 06:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर क्राउन प्लॉजा होटल से एलजी चौक तक सजावटी एलईडी लाइट्स लगाने का कार्य होली के बाद शुरू होगा। पहले चरण में 12 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 150 से अधिक लाइटें लगाई जाएंगी। यह काम अप्रैल तक पूरा किया जाएगा, जिससे कम रोशनी वाले स्थानों को रोशन किया जाएगा।

सूरजपुर- कासना मार्ग सजावटी लाइट से जगमग होगा

पहले चरण में सूरजपुर क्राउन प्लॉजा होटल के पास से एलजी चौक तक सवा सौ से अधिक लाइट लगाई जाएंगी ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। सूरजपुर- कासना मार्ग सजावटी लाइट से जगमग होगा। होली के बाद एलईडी लाइटें लगाने का काम शुरू किया जाएगा। प्राधिकरण ने एजेंसी का चयन कर कार्य आदेश जारी कर दिया है। इससे कम रोशनी वाले स्थान जगमग हो जाएंगे। प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक लगभग 12 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर पहले चरण में सूरजपुर क्राउन प्लॉजा होटल के पास से एलजी चौक तक करीब सवा सौ सजावटी एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। यह काम अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा।

कम रोशनी वाले स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं। साथ ही मोजरवेयर व एलजी गोलचक्कर को भी आकर्षक बनाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा की मुख्य सड़कों में शामिल सूरजपुर- कासना मार्ग पर ट्रैफिक का काफी दवाब रहता है। यह मार्ग शहर के सेक्टरों के साथ परी चौक व कासना होते हुए दनकौर- सिकंद्राबाद मार्ग, नोएडा- ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे को भी जोड़ता है। हर रोज लगभग एक लाख वाहन गुजरते हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट चालू होने के बाद ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाएगा। ऐसे में व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। सड़क की मरम्मत के साथ अब आकर्षक व सजावटी लाइट लगाने का काम किया जाएगा। प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने से रात के अंधेरे में दिक्कत नहीं होगी। प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक सौरभ भारद्वाज ने बताया कि सूरजपुर-कासना मार्ग पर सजावटी लाइट लगाने का काम अगले कुछ दिनों में शुरू हो जाएगा। पहले चरण में सूरजपुर क्राउन प्लॉजा चौक से लेकर एलजी चौक तक काम किया जाएगा। इसके बाद आगे की योजना बनाई जाएगी। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं पर भी अंधेरा न रहे। वहीं सूरजपुर- कासना मार्ग पर ही स्थित मलकपुर और दुर्गा गोलचक्कर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है। वास्तुकार की मदद से डिजाइन तैयार की जा रही है। उद्यान के साथ सिविल का काम भी किया जाएगा। यहां कलेक्ट्रेट, विकास भवन, जिला न्यायालय व वरिष्ठ अधिकारियों के आवास होने की वजह से महत्वपूर्ण लोगों का आना- जाना लगा रहता है। ------------ नासा गोलचक्कर को आकर्षक बनाने की तैयारी- प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी के मुताबिक नॉलेज पार्क में इंडिया एक्सपो मार्ट के पास स्थित नासा गोलचक्कर को आकर्षक बनाया जाएगा। इसके चारों तरफ सजावटी लाइट लगाने की तैयारी चल रही है। ट्रैफिक की बढ़ती समस्या को देखते हुए इस गोलचक्कर के चारों तरफ की सड़क को पांच लेन किया जा चुका है। इसका फायदा यह हुआ है कि एक्सपो मार्ट में कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहता है। ------------- आठ गोलचक्कर सजावटी लाइट से जगमग हुए- ग्रेटर नोएडा व ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता व सिरसा के बीच स्थित आठ गोलचक्कर पर सजावटी एलईडी लाइट लगाने का काम पूरा हो चुका है। इनमें तिलपता, साकीपुर, ईटा-वन (मिग्सन सोसाइटी), जैतपुर- वैशपुर, गौर अतुल्यम, डाढ़ा व सिरसा आदि गोलचक्कर शामिल हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।