
लखनावली में कूड़ा निस्तारण संयंत्र जल्द शुरू होगा
ग्रेटर नोएडा में लखनावली में 800 टीपीडी क्षमता का संयंत्र लगाया जाएगा, जो गीले और सूखे कचरे के निस्तारण में मदद करेगा। प्राधिकरण ने इसके लिए निविदा जारी की है और संयंत्र का संचालन वैज्ञानिक पद्धति से किया जाएगा। कंपनी का चयन 1 दिसंबर तक किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा। गीले और सूखे कचरे के निस्तारण के लिए लखनावली में 800 टीपीडी क्षमता का संयंत्र जल्द लगाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। संयंत्र लगाने और उसके रखरखाव और पांच साल तक संचालन के लिए एजेंसी की तलाश की जा रही है। प्राधिकरण ने इससे संबंधित निविदा जारी की है। प्राधिकरण क्षेत्र के अस्तौली में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र (सेनेटरी लैंडफिल साइट) में रिलायंस और एनटीपीसी सहित अन्य कंपनियों ने संयंत्र लगाने का काम शुरू कर दिया है। संयंत्र के संचालन में अभी समय लग सकता है। ऐसे में अस्थाई डंपिंग ग्राउंड साइट लखनावली में 800 टीपीडी (टन प्रतिदिन) क्षमता के संयंत्र का निर्माण किए जाने की तैयारी है।

इससे गीले और सूखे कचरे का निस्तारण करने में मदद मिलेगी। अधिकारी के मुताबिक अस्तौली में लगाए जा रहे संयंत्र के काम करने से पहले लखनावली साइट पर ही कूड़ा का निस्तारण किया जाएगा। यहां पर पहले से जमा कचरे के कुछ हिस्से का निस्तारण होना अभी बाकी है,साथ ही नया कचरा भी आ रहा है। बता दें कि लखनावली में जो कंपनी वर्तमान में कूड़ा निस्तारण का काम कर रही है,उसका समय पूरा होने वाला है। इसको देखते हुए प्राधिकरण 800 टीपीडी क्षमता का नया संयंत्र लगाने जा रहा है। चयनित कंपनी की जिम्मेदारी पहले से जमा कचरे के साथ रोज निकलने वाले नए कचरे का भी निस्तारण करना होगा। अधिकारी के मुताबिक सभी तरह के कचरे का निस्तारण करने की जिम्मेदारी होगी। कचरे का वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण किया जाएगा। प्राधिकरण द्वारा जारी की गई ई-निविदा के मुताबिक इच्छुक एजेंसियां एक दिसंबर तक आवेदन कर सकती हैं। कूड़ा निस्तारण केंद्र तक कचरा पहुंचाने की जिम्मेदारी प्राधिकरण की होगी। अस्तौली में कूड़ा निस्तारण केंद्र का काम पूरा होने के बाद लखनावली स्थित डंपिंग ग्राउंड को हरा-भरा बनाया जाएगा। मिश्रित ठोस कचरे के निस्तारण के लिए लखनावली में 800 टीपीडी क्षमता का संयंत्र लगाया जाएगा। वैज्ञानिक पद्धति से कचरे का निस्तारण कर पर्यावरण को स्वच्छ बनाया जाएगा। इसके लिए कंपनी की तलाश की जा रही है। इस संयंत्र को जल्द चालू करना है। -श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




