Noida News: ग्रेनो में विकसित किए जाने वाले थीम पार्कों की योजना में तेजी नहीं आ रही
Noida News: सीएल मौर्य ... छह सलाहकार एजेंसियों को सूचीबद्ध किए जाने के बाद भी परियोजना फाइलों में अटकी

Noida News: ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। ग्रेटर नोएडा में चार थीम आधारित पार्कों को विकसित करने की योजना में तेजी नहीं आ रही है। तीन वर्ष से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी यह योजना फाइलों में अटकी है। इसमें मदद के लिए प्राधिकरण ने छह सलाहकार एजेंसियों को सूचीबद्ध कर लिया है,लेकिन अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ। यही नहीं पहले से विकसित किए गए 20 से अधिक थीम आधारित पार्क भी बदहाल पड़े हैं। दरअसल शहर के लोगों को परिवार के साथ घूमने- फिरने के लिए अच्छी जगह मिल सके,इसके लिए प्राधिकरण ने वेस्ट टू वंडर (अद्भुत भारत पार्क), चिल्ड्रन, साइंस और आयुर्वेद अधारित चार बड़े थीम पार्क विकसित करने की योजना बनाई है। इस पर पिछले 3-4 वर्षों से काम चल रहा है। इसके लिए अलग- अलग सेक्टरों में जगह चिह्नित करने, परियोजना पर आने वाले खर्च का आकलन और किस आधार पर विकसित किया जाना है, आदि औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हुआ। निविदा तक जारी नहीं की गई। यह काम प्राधिकरण के उद्यान विभाग द्वारा देखा जा रहा था, लेकिन काम की धीमी रफ्तार को देखते हुए इसकी जिम्मेदारी इस साल परियोजना विभाग को दे दी गई। इसके बाद भी महत्वपूर्ण परियोजना में प्रगति नहीं दिख रही है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट क्षेत्र में परिवार के साथ घूमने के लिए सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क के अलावा कोई बड़ा पार्क नहीं है।
----------
सलाहकार एजेंसियों की भूमिका और पार्कों की योजना
छह सलाहकार एजेंसियों को सूचीबद्ध किया गया है-
अधिकारी के मुताबिक थीम पार्कों और सामान्य पार्कों के अलावा गोलचक्करों के सौंदर्यीकरण के लिए डिजाइन, वास्तु और लैंडस्केपिंग यानी भू-सज्जा में मदद के लिए छह सलाहकार एजेंसियों को सूचीबद्ध किया गया है। चयनित एजेंसी परियोजना को पूरा होने तक निरीक्षण और सुझाव भी देगी। चारों थीम पार्कों के लिए ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट में जगह चिह्नित कर ली गई है। साथ ही अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, स्वर्णनगरी आदि सेक्टरों में पहले से बने 20 से अधिक थीम पार्कों का भी नए सिरे से सौंदर्यीकरण कराया जाना है। इसमें सलाहकार एजेंसियों की मदद ली जाएगी।
-----------
थीम पार्कों की खास विशेषताएं
थीम आधारित पार्कों में ये खास होगा-
आयुर्वेद पार्क- प्राचीन चिकित्सा पद्धति के इतिहास और जानकारी पर आधारित होगा।
साइंस पार्क- बच्चे सौर मंडल, न्यूटन के नियम, परमाणु मॉडल जैसी वैज्ञानिक जानकारियां खेल-खेल में सीख सकेंगे।
वेस्ट टू वंडर पार्क - इसमें देश की अनदेखी विरासतों और प्रमुख इमारतों की प्रतिकृतियां होंगी।
वेस्ट टू वंडर पार्क की निविदा
वेस्ट टू वंडर पार्क की निविदा निरस्त करनी पड़ गई थी-
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर नॉलेज पार्क-5 में स्थित डी-पार्क को अद्भुत भारत पार्क की थीम पर वेस्ट टू वंडर पार्क के रूप में विकसित किया जाना है। इसके निर्माण के लिए पूर्व में एजेंसी के चयन की प्रक्रिया बीते अगस्त माह में शुरू की गई थी,लेकिन 24 घंटे के अंदर ही निविदा निरस्त कर दी गई। राजस्व में साझेदारी (रेवेन्यू शेयरिंग) के आधार पर कुछ पेंच फंसने पर वित्त विभाग ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद अब तक निविदा जारी नहीं की गई। अधिकारी के मुताबिक राजस्व में साझेदारी के आधार पर 20 साल के लिए यह पार्क निजी एजेंसी को दिया जाना है।

