
ग्रेनो के सेक्टरों में अंधेरे वाले स्थान रोशन किए जा रहे
स्ट्रीट लाइट के 300 नए खंभे व 500 से अधिक एलईडी लाइट लगाने का काम
ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। ग्रेटर नोएडा के अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा आदि सेक्टरों के अंदर और बाहरी सड़कों पर अंधेरे वाले स्थान रोशन किए जा रहे हैं। स्ट्रीट लाइट के तीन सौ खंभे और पांच सौ से अधिक एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। आवासीय सेक्टर-36 से इसकी शुरुआत कर दी गई है। प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक प्रथम चरण में सेक्टरों के अंदर और सर्विस मार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। दरअसल पिछले साल तेज आंधी में बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइट के खंभे टूट कर गिर गए थे। वहीं, कुछ क्षतिग्रस्त भी हो गए हैं। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट गायब मिलीं, जिससे सड़कों पर अंधेरा रहता है।
सर्दी के मौसम में कोहरा और धुंध होने की वजह से राहगीरों को दिक्कत होती है। हादसा का खतरा बना रहता है। प्राधिकरण की तरफ से कराए गए सर्वेक्षण में अल्फा, बीटा, गामा,डेल्टा, स्वर्णनगरी, 36, 37, पी-3, सिग्मा, म्यू आदि प्रमुख सेक्टरों में 300 खंभे टूटे मिले और 500 से अधिक स्ट्रीट लाइटें गायब मिली। प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने कार्ययोजना तैयार कर अंधेरे वाले स्थानों पर उजाला करना शुरू कर दिया है। प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक सौरभ भारद्वाज ने बताया कि सेक्टर-36 में काम कराया जा रहा है। नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ सेक्टरों में टूटे खंभे को हटाकर उनके स्थान पर नए खंभे लगाए जा रहे हैं। चरणबद्ध तरीके से सभी सेक्टरों में काम कराया जाएगा। अगले कुछ महीने में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी। संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। खुले हुए पैनल बॉक्स को सही करने की जरूरत ग्रेटर नोएडा की मुख्य सड़कों के किनारे लगी स्ट्रीट लाइट के ज्यादातर खंभे के पैनल बॉक्स खुले पड़े हैं, इससे हादसे का खतरा बना रहता है। यह समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई है। मरम्मत के नाम पर संबंधित एजेंसी द्वारा टेप लगाकर खानापूर्ति कर दी जाती है। लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पैनल बॉक्स को हटाकर उनके स्थान पर नए पैनल बॉक्स लगाए जाएं। शहरी-ग्रामीण क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। टूटे खंभों के स्थान पर नए खंभे लगाए जा रहे हैं। अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां पर एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। - अभिषेक पाठक, ओएसडी, ग्रेनो प्राधिकरण

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




