Noida News: कार में सीएनजी नहीं भरने पर सेल्समैन के साथ मारपीट
Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक पंप पर सीएनजी नहीं भरने के विवाद में कार सवार युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट की। पंप के मैनेजर ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। सेल्समैन ने सुरक्षा कारणों से सीएनजी भरने से मना किया था।

Noida News: ग्रेटर नोएडा, ब्रिजेश कुमार। सेक्टर बीटा-दो स्थित एक पंप पर कार में सीएनजी नहीं भरने पर विवाद हो गया। कार सवार युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट की। पंप के मैनेजर ने दो नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक पंप के मैनेजर धीर सिंह की शिकायत पर आरोपी कार सवार शिवम, अमित और इनके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मैनेजर ने बताया कि शुक्रवार की शाम कार सवार आरोपी सीएनजी पंप पर पहुंचे थे। इन लोगों ने सेल्समैन से कार में सीएनजी भरने के लिए कहा।
सेल्समैन ने देखा कि कार में हाइड्रो टेस्ट प्लेट नहीं लगी थी। इसकी वजह से सेल्समैन ने सीएनजी भरने से मना कर दिया। दरसअल, दिल्ली में सीएनजी भरते समय एक ट्रक में धमाके के बाद तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद से बिना हाइड्रो टेस्ट प्लेट गाड़ी में सीएनजी भरने से मना किया गया है। इसी बात को लेकर कार सवार युवकों का सेल्समैन से विवाद हुआ। आरोपियों ने मिलकर सेल्समैन के साथ मारपीट की। मैनेजर ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


