Noida News: बाजार में नकली नोट खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश
Noida News: ग्रेटर नोएडा, ब्रिजेश कुमार। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने बाजार में नकली नोट खपाने वाले गिरोह

Noida News: ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने बाजार में नकली नोट खपाने वाले गिरोह का शुक्रवार को पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी असली नोट के बदले तीन गुना जाली नोट देते थे। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने कोंडली पुस्ता के पास गढ़ी समस्तीपुर जाने वाले पक्के रास्ते से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान अर्जुन सिंह निवासी सुल्तानपुर, शशांक गुप्ता निवासी अयोध्या, शांतनु सिंह निवासी सीतापुर और वैभव शुक्ला निवासी अयोध्या के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी जाली नोट सप्लाई करते थे। गिरोह के सदस्य असली नोट के बदले तीन गुना जाली नोट देकर अवैध रूप से आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 200-200 रुपये के 920 जाली नोट बरामद किए, जिनकी कीमत एक लाख 84 हजार रुपये है। पुलिस ने अपराध से संबंधित 1000 रुपये का असली नोट और घटना में प्रयुक्त एक बिना नंबर प्लेट की कार बरामद की।
अयोध्या जेल में रची गई साजिश
अयोध्या जेल में जाली नोट छापने की साजिश रची गई
पुलिस का कहना है कि गिरोह का सरगना कुबेर सिंह है। कुबेर सिंह अयोध्या की जेल में बंद है। आरोपी अर्जुन सिंह की मुलाकात वर्ष 2024 में अयोध्या जेल में कुबेर सिंह से हुई थी। इसी दौरान दोनों ने जाली नोट छापने और उनकी सप्लाई करने की योजना बनाई। जेल से जमानत पर छूटने के बाद अर्जुन सिंह ने जाली नोट सप्लाई का अवैध धंधा शुरू किया। जाली नोट को सप्लाई करने के लिए अर्जुन सिंह ने अपने साथ शशांक, शांतनु और वैभव के साथ मिलकर नकली नोट की सप्लाई का काम शुरू किया। इस काम से मिलने वाले मुनाफे को आरोपी आपस में बराबर बांट लेते थे।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
आरोपियों के खिलाफ पहले से केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक आरोपी अर्जुन सिंह के खिलाफ अयोध्या के कैंट थाने में वर्ष 2024 में चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं, शशांक और शांतनु के खिलाफ भी अयोध्या के कैंट थाने में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ग्रेटर नोएडा में जाली नोट सप्लाई करने के लिए आए थे। इस बीच पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इन्हें धर दबोचा जाली नोट किसे सप्लाई किए जाने थे इसके बार पुलिस जानकारी जुटा रही है।
आरोपियों की शैक्षणिक योग्यता
आरोपी बीएससी और बीकॉम पास
पुलिस के मुताबिक आरोपी शशांक गुप्ता बीकॉम अंतिम की पढ़ाई कर चुका है। आरोपी शांतनु सिंह बीए एलएलबी और वैभव शुक्ला बीसीए पास है। अर्जुन सिंह आठवीं पास है।
दस दिन पहले भी पकड़ा गया था गिरोह
दस दिन पहले भी जाली नोट सप्लाई करने वाले पकड़े गए थे
सेक्टर ईकोटेक वन कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने दस दिन पहले जाली नोट छापने और तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 2,54,900 के जाली नोट, प्रिंटर, कटिंग मशीन और एक स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त हुई थी।

