Noida News: ग्रेनो में प्रवेशद्वारों के सौंदर्यीकरण का काम अटका
Noida News: ग्रेटर नोएडा के सभी प्रवेशद्वारों और प्रमुख स्थानों के सौंदर्यीकरण की योजना एक साल से फाइलों में अटकी हुई है। रुचि दिखाने वाली प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद कंपनी का चयन नहीं किया गया। फव्वारे भी देखरेख के अभाव में बंद पड़े हैं। शहर में आने वाले लोगों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण है, लेकिन कार्य रुका हुआ है।

Noida News: ग्रेटर नोएडा, सीएल मौर्य। ग्रेटर नोएडा के सभी प्रवेशद्वारों, प्रमुख स्थानों और गोलचक्करों के सौंदर्यीकरण की योजना फाइलों में अटकी पड़ी है। एक साल का समय बीत जाने के बाद भी योजना आगे नहीं बढ़ी। इसमें रुचि दिखाने वाली 8 से 10 कंपनियां पूर्व में प्रस्तुतिकरण दे चुकी हैं, लेकिन अब तक कंपनी का चयन तक नहीं किया गया। प्रमुख स्थानों पर लगे फव्वारे का संचालन भी नहीं किया गया। देखरेख के अभाव में ज्यादातर फव्वारे बंद पड़े हैं। हाईटेक शहर ग्रेटर नोएडा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विदेशी मेहमान और अति महत्वपूर्ण लोग शामिल होते हैं। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें भी देश-विदेश के लोग शामिल होंगे।
सौंदर्यीकरण की योजना
शहर में आने वाले लोगों को अच्छी अनुभूति हो, इसके लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सभी प्रवेशद्वारों का सौंदर्यीकरण कर रंग-बिरंगी डिजाइनर लाइट, फसाड लाइट और आकर्षक कलाकृतियां लगाए जाने की योजना बीते साल बनाई गई थी। इसके लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (रुचि की अभिव्यक्ति) जारी की गई थी। विद्युत अभियांत्रिकी विभाग द्वारा इसकी तैयारी जोर-शोर से की जा रही थी। दावा था कि नए साल में काम शुरू हो जाएगा, लेकिन योजना आगे नहीं बढ़ी। फाइलों में ही सिमटकर रह गई है। बता दें कि अयोध्या, महाकुंभ और भारत मंडपम में काम कर चुकी कंपनी ने भी इसमें रुचि दिखाई थी। इनके द्वारा प्रस्तुतिकरण भी दिया जा चुका था। प्रस्तुतिकरण पसंद आने के बाद भी कंपनी का चयन नहीं किया गया।
इन प्रवेशद्वारों का किया जाना है सौंदर्यीकरण
दादरी-सूरजपुर-छलेरा मार्ग पर कुलेसरा, गाजियाबाद की तरफ से तिगरी, छपरौला, कासना मार्ग, दादरी कट, शाहबेरी और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के प्रवेशद्वार आदि का सौंदर्यीकरण किया जाना है। प्रवेशद्वार के साथ शहर के अन्य प्रमुख स्थानों और गोलचक्करों का भी सौंदर्यीकरण किया जाना था।
फव्वारे भी चालू नहीं किए गए
ग्रेटर नोएडा के परी चौक, सूरजपुर घंटाघर चौक और सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क समेत 14 स्थानों पर लगे फव्वारे चालू करने का दावा भी किया गया था। पहले से लगे फव्वारे रखरखाव के अभाव में बंद पड़े हैं। परी चौक और सिटी पार्क पर लगे फव्वारे का ही कभी कबार संचालन किया जाता है। योजना के मुताबिक परीचौक, सूरजपुर घंटाघर चौक, सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क, सेक्टर स्वर्णनगरी, इंडिया एक्सपोर्ट के पास म्यूजिकल एंड साइंटिफिक पार्क, सेक्टर गामा-1 व 2, सेक्टर ईटा-1 रॉक गार्डन पार्क, पी-3 डी ब्लॉक, सेक्टर सिग्मा-4, सेक्टर पी-2 राजस्थानी पार्क, सूरजपुर कासना मार्ग पर क्राउन प्लाजा गोलचक्कर, नॉलेज पार्क में गलगोटिया गोलचक्कर रोज गार्डन पार्क, सेक्टर डेल्टा और अल्फा गोलचक्कर पर लगे फव्वारे चालू किए जाने थे। इस पर अभी अब तक कुछ काम नहीं हुआ है।


