
ग्रेनो में औचक जांच कर 120 घरों से पेयजल के नमूने लिए
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को 23 से अधिक सेक्टरों और गांवों में 120 से अधिक घरों में पेयजल की आकस्मिक जांच की। टीडीएस और अन्य तत्व मानक के अनुसार पाए गए। जांच टीमों ने जल आपूर्ति लाइनों की गहन जांच की। दूषित पानी की शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया।
ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की आठ टीमों ने सोमवार को 23 से अधिक सेक्टरों और गांवों में 120 से अधिक घरों में पेयजल की आकस्मिक जांच की। पेयजल में टीडीएस और अन्य तत्व मानक के अनुसार पाए गए। पेयजल की गुणवत्ता परखने के लिए चार दिवसीय विशेष अभियान समाप्त हो गया। वहीं, प्राधिकरण की ओर से लिए गए नमूने की जांच रिपोर्ट एक सप्ताह में आने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने कुछ जगहों पर दूषित पानी की शिकायतों के बाद सेक्टरों और गांवों में पानी की गुणवत्ता परखने के लिए आकस्मिक जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
इस पर आठ टीमें बनाकर सेक्टरों, गांवों और सोसाइटियों में चार दिवसीय अभियान चलाया गया। महाप्रबंधक एके सिंह के नेतृत्व में जांच टीमों ने जल आपूर्ति लाइनों में लीकेज, सीवर चोकिंग, ओवरफ्लो, ड्रेन-सीवर-पानी कनेक्शन प्वाइंट्स की गहन जांच की। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने गंगाजल शोधन संयंत्र और मास्टर रिजर्वायर का जायजा लिया। जांच टीमों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सादोपुर, वैदपुरा, सैनी, सुनपुरा, पाली, मिलक लच्छी, सेक्टर गामा-1 और 2, डेल्टा-1, अल्फा-1 और 2, ओमीक्रॉन-1, 2 और 3, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटियों में पेयजल की आकस्मिक जांच की। टीम अपने साथ पेयजल की जांच के लिए जरूरी उपकरण जैसे टीडीएस मीटर, पीएच व क्लोरीन किट साथ लेकर गई थी। टीम को प्राधिकरण द्वारा आपूर्ति किए जा रहे पेयजल में सभी तत्व मानकों के अनुरूप ही मिले। अधिकारी के मुताबिक श्रीराम लैब की टीमें भी विभिन्न जगहों से पेयजल के नमूने लेकर उसकी जांच रिपोर्ट प्राधिकरण में जमा करेंगी। जांच टीमों द्वारा पेयजल आपूर्ति के संबंध में लोगों से प्रतिक्रिया भी ली जा रही है। इस दौरान लोगों को आश्वासन दिया गया कि दूषित पेयजल की शिकायत मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त किया जाएगा। ------ गंगाजल की नियमित जांच कराई जाएगी प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने सोमवार को क्षेत्र के पल्ला गांव स्थित गंगाजल शोधित संयंत्र और जैतपुर स्थित मास्टर रिजर्वायर का औचक निरीक्षण कर पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराई। गंगाजल की रिपोर्ट भी मानकों के अनुरूप मिली। एसीईओ ने जल विभाग की टीम को गंगाजल की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। ------------- पेयजल की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कराए जाएंगे। अगर किसी क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति होने की जानकारी प्राप्त होती है, तो इसकी सूचना शीघ्र प्राधिकरण के जल विभाग को दें। संपर्क के लिए वरिष्ठ प्रबंधक जल 9205691408 और प्रबंधक जल 8937024017 के मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। -सुनील कुमार सिंह, एसीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




