ड्रोन लाइट शो में नोएडा एयरपोर्ट देख सकेंगे
ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में 27 फरवरी से 1 मार्च तक पुष्पोत्सव-2026 का आयोजन होगा। इस बार 500 ड्रोन की मदद से शासन की उपलब्धियों और आधुनिक ग्रेटर नोएडा की स्थिति को दर्शाया जाएगा। पुष्पोत्सव में रंग-बिरंगे फूलों से आकृतियां बनाने की तैयारियां चल रही हैं।

पुष्पोत्सव के दौरान आयोजन होगा, शासन की उपलब्धियां और नक्शे में आधुनिक ग्रेटर नोएडा की स्थिति भी दिखेगी 500 से अधिक ड्रोन की मदद से शासन की उपलब्धियां भी दर्शाई जाएंगी 27 फरवरी से सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में पुष्पोत्सव का आयोजन होगा ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में 27 फरवरी से एक मार्च तक पुष्पोत्सव-2026 का आयोजन होगा। इसमें पहली बार ड्रोन लाइट शो के जरिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, शासन की उपलब्धियां, भारत के नक्शे में आधुनिक शहर ग्रेटर नोएडा की स्थिति दर्शाए जाएंगे। इसमें 500 से अधिक ड्रोन की मदद ली जाएगी।
पुष्पोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। लगातार बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक ड्रोन लाइट शो के संबंध में दो से तीन कंपनियां प्रस्तुतिकरण दे चुकी हैं। लोगों को आकर्षित करने के लिए रंग-बिरंगें फूलों से ऑपरेशन सिंदूर, गांधी का चरखा, भगवान बुद्ध, इसरो के रॉकेट लॉन्चिंग केंद्र आदि आकृतियां बनाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए देश के अन्य राज्यों से खास फूल मंगाए जा सकते हैं, जो तीन से चार दिन तक खराब न हों। प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक विद्युत/उद्यान विभाग अजीत भाई पटेल ने बताया कि ड्रोन लाइट शो 15-20 मिनट का होगा। इसके लिए विशेषज्ञ कंपनी के चयन की प्रक्रिया चल रही है। 500 ड्रोन की मदद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, शासन की प्रमुख उपलब्धियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र, भारत के नक्शे पर आज ग्रेटर नोएडा आदि को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा फूलों की आकृतियां भी बनाई जाएंगी। तीन दिवसीय पुष्पोत्सव के दौरान ड्रोन लाइट शो की तारीख और उसका समय उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तय किया जाएगा। ----------- थीम फ्लावर कैलेंडुला- उद्यान विभाग के अधिकारी के मुताबिक इस बार का थीम फ्लावर कैलेंडुला होगा। सिटी पार्क में कैलेंडुला के 20 हजार से अधिक फूल प्रदर्शित करने के साथ शहर के प्रमुख गोलचक्करों पर भी इस प्रजाति के पौधे लगाए जा रहे हैं। ----------- पुष्पोत्सव- 2026 के भव्य आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। उद्यान विभाग के अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम को बेहतर बनाने के लिए विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है। इस बार ड्रोन लाइट शो कराया जा रहा है। ड्रोन की मदद से सरकार व प्राधिकरण की उपलब्धियों की प्रस्तुति दी जाएगी। यह आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा। श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


