Hindi NewsNcr NewsNoida NewsGang Attack on Brothers at Farmhouse in Noida Court Orders Case After 20 Months
कार सवारों ने फार्म हाउस में घुसकर भाइयों को पीटा

कार सवारों ने फार्म हाउस में घुसकर भाइयों को पीटा

संक्षेप:

नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में दबंगों ने फार्म हाउस में काम कर रहे दो भाइयों पर हमला किया। घटना के 20 महीने बाद न्यायालय के आदेश पर एक नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। पीड़ित ने कई बार शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

Nov 05, 2025 09:56 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में कार सवार दबंगों ने फार्म हाउस पर काम कर रहे दो भाइयों पर सरिया और डंडे से हमला कर दिया। घायलों का कई दिन तक अस्पताल में उपचार चला। वारदात के 20 माह बाद न्यायालय के आदेश पर एक्सप्रेसवे थाने में एक नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। थाने में दी शिकायत में नगला नगली गांव निवासी किशोर गुप्ता ने बताया कि उसका गांव में फार्म हाउस है। बीते साल एक मार्च को दोपहर 12 बजे के करीब वह अपने भाई मन्नू के साथ फार्म हाउस में खेती का काम कर रहा था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसी दौरान बदायूं निवासी राहुल कार से आया। उसके साथ छह से सात अन्य लोग थे। ज्यादातर के हाथों में सरिया और डंडे थे। राहुल ने कार से नीचे उतरते ही शिकायतकर्ता और उसके भाई को गाली देनी शुरू कर दी। जान से मारने के इरादे से राहुल और उसके साथियों ने किशोर और उसके भाई पर सरिया और डंडे से हमला कर दिया। हमले से दोनों भाई लहूलुहान हो गए। इस दौरान खेत के दूसरे छोर पर काम कर रहे शिकायतकर्ता के पिता और मां मौके पर पहुंचे और अपने दोनों बेटों को दबंगों के चंगुल से किसी तरह बचाया। किशोर का कहना है कि राहुल उसके परिवार से रंजिश रखता है। पूर्व में भी वह मारपीट कर चुका है। जिस मामले में केस दर्ज हुआ है, उसमें भी उसने बाहर से लड़कों को बुलाकर मारपीट की। पूरी वारदात के बाद राहुल ने शिकायतकर्ता और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत स्थानीय थाने, मुख्यमंत्री कार्यालय और पुलिस अधिकारियों से की, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उसने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर एक नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।