Noida News: फ्लैट की धोखाधड़ी के मामले में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Noida News: ग्रेटर नोएडा, ब्रिजेश कुमार। सेक्टर-पाई 1 और दो स्थित व्हाइट हाउस अपार्टमेंट्स में एक ही फ्लैट

Noida News: ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। सेक्टर-पाई 1 और दो स्थित व्हाइट हाउस अपार्टमेंट्स में एक ही फ्लैट की कई बार बिक्री कर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बिल्डर कंपनी वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन (बीईएफ) के सीईओ, सीएफओ और प्रोजेक्ट मैनेजर सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। व्हाइट हाउस अपार्टमेंट्स निवासी रवींद्र यादव ने बताया कि उन्होंने उक्त फ्लैट 65 लाख रुपये में खरीदा था। वह 22 जून 2018 से पूरे परिवार सहित इसी फ्लैट में रह रहे हैं। उनके पास आवंटन पत्र, बिल्डर द्वारा जारी भुगतान रसीदें, बैंक की स्वीकृति और सोसाइटी सदस्यता से जुड़े सभी दस्तावेज हैं।
12 मार्च 2026 को ऋण वसूली न्यायाधिकरण (डीआरटी-1) दिल्ली के आदेश पर उनके फ्लैट के दरवाजे पर कब्जा नोटिस चस्पा कर दिया गया, जिसमें 15 दिनों के भीतर फ्लैट खाली करने अन्यथा पुलिस बल की मदद से जबरन कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसी नोटिस से जुड़े दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि यही फ्लैट इससे पहले 12 सितंबर 2013 को नीरज कुमार वर्मा को भी आवंटित किया जा चुका था, जिसका समझौता कथित तौर पर बिल्डर की ओर से आरोपी अभिजीत कुमार के हस्ताक्षर से हुआ था। यह बिल्डर की ओर से इसी तरह की धोखाधड़ी का पहला मामला नहीं है। इससे पहले साल 2019 में भी विशाल अग्रवाल नामक व्यक्ति के ऋण खाते में वसूली को लेकर भारतीय स्टेट बैंक की ओर से इसी फ्लैट के संबंध में शिकायतकर्ता के पते पर लगभग 59 लाख 59 हजार रुपये की वसूली का कानूनी नोटिस भेजा गया था। उस समय बिल्डर ने फ्लैट को कई बार बेचे जाने की बात स्वीकार करते हुए बैंक का ऋण समायोजित कर दिया था। इसके अलावा बिल्डर की ओर से चार अप्रैल 2019 को एक पत्र भी भेजा गया था, जिसमें शिकायतकर्ता के स्वामित्व को स्पष्ट रूप से मान्य किया गया था। इन सभी दस्तावेजी साक्ष्यों के बावजूद बिल्डर कंपनी वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन ने एक ही फ्लैट की बार-बार बिक्री कर उनके साथ विश्वासघात किया। शिकायत में कंपनी के सीईओ, सीएफओ और प्रोजेक्ट मैनेजर को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।


