कंपनी के पूर्व पदाधिकारी समेत छह लोगों पर करोड़ों के गबन का आरोप

Apr 07, 2026 06:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share

नोएडा में एक कंपनी के पूर्व पदाधिकारी समेत छह लोगों के खिलाफ 77.41 करोड़ रुपये के गबन का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने फर्जी संस्थाओं के माध्यम से कंपनी के पैसे का गबन किया और अधिकारियों को दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करने के लिए धमकाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कंपनी के पूर्व पदाधिकारी समेत छह लोगों पर करोड़ों के गबन का आरोप

नोएडा, गौरव भारद्वाज । कंपनी के पूर्व पदाधिकारी समेत छह लोगों के खिलाफ 77.41 करोड़ रुपये के गबन का मामला सामने आया है। सेक्टर-60 स्थित कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने सेक्टर-58 थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दिल्ली के नांगलोई एक्सटेंशन निवासी मंजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-60 स्थित ईबिक्स स्मार्टक्लास एजुकेशनल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि हैं। कंपनी द्वारा 17 जनवरी को एक शिकायती पत्र पुलिस को सौंपा गया। उस शिकायती पत्र में आरोप है कि रोबिन रैना, केके नागपाल, सुनील भंडारी, अमित सरोगी, विकास वर्मा, अमित सैनी और कुछ अज्ञात लोगों ने आपराधिक साजिश के तहत कंपनी के लगभग 77 करोड़ सात लाख 41 हजार 479 रुपये गबन कर लिए।

आरोपियों ने इस रकम में से 56 करोड़ 62 लाख 11 हजार 479 रुपये 90 से अधिक फर्जी एवं शेल संस्थाओं के माध्यम से ट्रांसफर किए। जिनका कोई वास्वतिक अस्तित्व नहीं था, जिन्हें केवल धोखाधड़ी और धन के दुरुपयोग के उद्देश्य से बनाया गया था।शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने न केवल रकम का गबन किया, बल्कि अपने अवैध कृत्यों को छिपाने के उद्देश्य से कंपनी के अधिकारियों को 15 नवंबर 2024 का राइट-ऑफ पत्र हस्ताक्षर करने के लिए दबाव और धमकी दी ताकि ऑडिट ट्रेल नष्ट हो जाए और वसूली की कार्रवाई बाधित हो सके। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 17 जनवरी को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई। यह देरी कंपनी के लिए गंभीर हानि का कारण बन रही है। आशंका है कि आरोपी साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं। इलेक्ट्रॉनिक, दस्तावेज नष्ट कर सकते हैं और गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।