Noida News: हिंडन का जलस्तर बढ़ने से लोग चिंतित
Noida News: नोएडा/ग्रेटर नोएडा, राजेश शर्मा, आशीष धामा। क्षेत्र में बसी चोटपुर कॉलोनी के कई घरों तक रविवार को हिंडन का पानी पहुंच गया। नदी की तेज धार में कई जलीय

Noida News: नोएडा/ग्रेटर नोएडा, राजेश शर्मा, आशीष धामा। डूब क्षेत्र में बसी चोटपुर कॉलोनी के कई घरों तक रविवार को हिंडन का पानी पहुंच गया। नदी की तेज धार में कई जलीय पौधे बहते दिखे। सोमवार को बारिश के आसार हैं। इस स्थिति में जलस्तर बढ़ेगा, जिससे हजारों लोगों पर संकट मंडरा सकता है। जिला प्रशासन के अनुसार वर्तमान में नदी का जलस्तर कम है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। हिंडन के किनारे चोटपुर की कई कॉलोनियां बसी हुई हैं। नदी में पानी बढ़ने से इन कॉलोनियों में रहने वाले 20 हजार से अधिक लोग प्रभावित होंगे। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार सुबह से बारिश हो सकती है। इस स्थिति में नदी का जलस्तर बढ़ेगा और घरों के अंदर पानी घुस सकता है। चोटपुर में रहने वाले राम निवास सिंह बताते हैं कि नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है। नदी के बिल्कुल करीब बने घरों के आसपास पानी पहुंचना शुरू हो गया है। अगर बारिश होती है तो पानी घरों में घुस जा एगा। जिला प्रशासन ने दावा किया है कि यमुना और हिंडन के किनारे के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है。
दोनों नदियों का पानी खतरे के निशान से नीचे
सिंचाई विभाग के मुताबिक यमुना का जलस्तर 194.60 मीटर पर है, जबकि खतरे का लाल निशान 200.600 मीटर पर है। इसी तरह से हिंडन का जलस्तर 199.5 मीटर पर दर्ज किया गया है, वहीं हिंडन में खतरे का लाल निशान 205.08 मीटर है। दोनों नदियों का पानी फिलहाल खतरे से काफी नीचे है। हालांकि प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है।
सात राहत केंद्र बनाए गए
सदर तहसील क्षेत्र के गांवों में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सात राहत केंद्र, बाढ़ शरणालय तैयार कराए गए हैं। एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता के मुताबिक सोमवार से दोबारा बारिश के आसार हैं। ऐसे में सदर तहसील क्षेत्र में सात बाढ़ चौकियां तैयार की गई हैं। साथ लोगों को जलस्तर के संबंध में लगातार चौपाल के जरिए जागरूक किया जा रहा है। बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नाव, गोताखोर, एनडीआरएफ के साथ समन्वय स्थापित कर इंतजाम पुख्ता भी हो चुके हैं। सेक्टर-134 नंगली नगला बारातघर, सेक्टर-134 नंगली सफीपुर बारातघर, सेक्टर-135 वाजिदपुर-1 बारातघर, सेक्टर-135 वाजिदपुर-2, सेक्टर-150, झट्टा स्थित प्राधिकरण बारातघर और विविध स्थानों पर राहत केंद्र बनाने का काम शुरू हो गया है। प्रत्येक शरणालय पर प्रशासनिक टेंट, कुर्सी-मेज, कूलर, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय व मोबाइल टायलेट की व्यवस्था नोएडा प्राधिकरण करेगा।
मेडिकल टीम और एनडीआरएफ टीम के ठहरने की व्यवस्था
मेडिकल टीम, दवाओं सहित मेडिकल कैंप की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्साधिकारी को दी गई है। एनडीआरएफ-एसडीआरएफ के ठहरने, बिजली-जनरेटर और सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा पशुओं के चारा-पानी व टीकाकरण, कम्युनिटी किचन, नाविक-गोताखोर की व्यवस्था भी तहसील और संबंधित विभाग देखेंगे। वहीं, बाढ़ राहत कार्य व शरणालय के लिए लेखपाल मनोज कुमार दुबे, आशीष चौधरी और ज्ञानेंद्र सिंह को केंद्रों का नोडल बनाया गया है। इसके बारे संबंधित सभी विभागों के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है, ताकि समुचित व्यवस्था समय से पूरी की जा सके।
पिछले वर्ष 487 किसानों की फसल नष्ट हुई थी
बता दें कि पिछले वर्ष 2025 में भी जिले में बाढ़ जैसे हालात बने थे। इस दौरान जेवर क्षेत्र के लिए कुल 487 किसानों की फसल नष्ट हो गई थी। इसके लिए किसानों को 31.30 लाख का मुआवजा वितरित किया गया था। वहीं, 16 झुग्गियां बह गई थीं, जिसका 8000 प्रति झोपड़ी के हिसाब से मुआवजा दिया गया। साथ ही एक पक्का निर्माण भी गिरा था जिसके लिए मालिक को 1.20 लाख रुपए मुआवजा दिया गया था। वहीं, इस दौरान 940 परिवारों के 3250 लोग प्रभावित हुए थे। इन्हें लगभग एक माह तक सुरक्षित स्थानों पर रखकर भोजन-पानी की सुविधा दी गई थी। बच्चों के पढ़ाई के लिए अस्थायी स्कूल व पशुओं के लिए अस्थायी गोशाला व किचन की भी व्यवस्था की गई थी।
अधिकतम तापमान चार डिग्री कम हुआ
नोएडा और ग्रेटर नोएडा का अधिकतम तापमान रविवार को चार डिग्री सेल्सियस कम हो गया। दिनभर बादलों की आवाजाही के कारण दोपहर में उमस रही, जिससे लोग परेशान हुए। एक दिन पहले जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री था। रविवार को 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान में कमी नहीं आने के कारण रात काफी गर्म और उमस भरा है। आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई। सोमवार को सुबह छह बजे और इसके बाद दोपहर में बारिश का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी कमी की संभावना है। अगले चार दिनों तक बारिश होने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान 35 डिग्री या इससे कम रहने का अनुमान है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


