यमुना एक्सप्रेसवे पर धू धूकर जली थार
यमुना एक्सप्रेसवे पर एक थार गाड़ी में अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ से गाड़ी रोकी और साथी के साथ बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है और दोनों लोग सुरक्षित हैं।

दनकौर, सतीश शर्मा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात चलती थार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वाहन में सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और साथी के साथ कूदकर जान बचाई। जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी महेश मित्तल अपने एक साथी के साथ मंगलवार की देर रात थार में सवार होकर नोएडा से आगरा जा रहे थे। अचानक चलती कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। गाड़ी में सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तकनीकी टीम से भी रिपोर्ट ली जाएगी। घटना के दौरान एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया। अचानक चलती गाड़ी में आग लगने की घटना से आसपास के वाहन चालक भी सकते में आ गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


