फर्नीचर मार्केट में कैमिकल से फैली आग
ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार रात आग लग गई। आग पेंट, पॉलिश और अन्य ज्वलनशील केमिकल के कारण तेजी से फैली। आग की लपटें दूर से दिखाई दीं और आसपास के इलाके में धुआं फैल गया। आग लगने के कारण करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।

ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार रात पेंट, पॉलिश और अन्य ज्वलनशील केमिकल के कारण आग तेजी से फैली। आग लगते ही कई दुकानों से ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार छा गया। गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, रात होने के चलते आधी से ज्यादा दुकानें बंद हो चुकी थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार फर्नीचर तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल और लकड़ी के सामान ने आग को तेजी से फैलाने का काम किया। आग के चलते करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। साथ ही, भयानक आग के कारण कई किलोमीटर क्षेत्र में धुआं फैल गया। आसपास सोसाइटी में रहने वाले लोगों को भी सांस लेने में परेशानी झेलनी पड़ी। राहगीरों को भी आने जाने में तकलीफ हुई। वहीं, सड़कों पर धुएं से दृश्यता न के बराबर तक हो गई, जिससे हालातों पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग के अफसरों को मशक्कत करनी पड़ी。
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका:
शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों ने आग लगने का वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि घटनास्थल के पास कई गाड़ियां रुकी हुई हैं और यातायात बुरी तरीके से प्रभावित है।
12 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी:
फर्नीचर मार्केट में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के जनपदों से भी फायर टेंडर मंगाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। किसी के हताहत होने की सूचना अभी नहीं है।
कई दुकानें अवैध रूप से बनी हैं
स्थानीय लोगों का दावा है कि मार्केट में कई दुकानें अवैध रूप से बनाई गई हैं और यहां सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता। आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। पूर्व में भी मार्केट में आग लगने के मामले कई बार सामने आ चुके हैं। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पूर्व में पत्राचार भी किया था।
नौ बजे बंद हो गई थी दुकानें
फर्नीचर मार्केट में लगी भीषण आग के बावजूद बड़ा हादसा टल गया। आग रात करीब दस से 11 बजे के बीच लगी, जब अधिकांश दुकानें बंद हो चुकी थीं और बाजार में लोगों की आवाजाही बेहद कम थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दिन के समय आग लगती तो स्थिति और भयावह हो सकती थी। मार्केट में बड़ी संख्या में कर्मचारी, ग्राहक और मजदूर मौजूद रहते हैं, जिससे जनहानि की आशंका बढ़ जाती। आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में लिया, जबकि दमकल विभाग की टीमें देर रात तक आग बुझाने में जुटी रहीं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


