जेवर टोल महाप्रबंधक के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन
दनकौर में किसान एकता महासंघ के सदस्यों ने जेवर टोल के महाप्रबंधक द्वारा किसानों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों के खिलाफ कोतवाली में ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कानूनी कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन के अध्यक्ष ने अपमान बर्दाश्त न करने की बात कही।

दनकौर, संवाददाता। किसान एकता महासंघ के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गुरुवार को जेवर टोल के महाप्रबंधक द्वारा किसानों और किसान संगठनों के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में दनकौर कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग उठाई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद सेक्रेटरी ने बताया कि जेवर टोल महाप्रबंधक का एक विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें किसानों और किसान संगठनों के लिए कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के किसानों में भारी नाराजगी है।
किसान नेताओं ने दनकौर कोतवाली में प्रभारी मनोज चौहान को ज्ञापन सौंपते हुए महाप्रबंधक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें पद से हटाने की मांग की। साथ ही जिला कमिश्नर के नाम भी ज्ञापन देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही टोल महाप्रबंधक के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो किसान एकता महासंघ आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा। संगठन का कहना है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना ने कहा कि किसानों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बलजीत हवलदार, राजबीर ठेकेदार, मास्टर इंद्रपाल, रवि नागर, अमित नागर, कर्मवीर भाटी, गजराज कसाना, करण सिंह कसाना, ओमेंद्र चपरगढ़, रज्जाक ठेकेदार, प्रदीप कसाना समेत बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


