दस गांवों के किसानों ने बाढ़ से फसल खराब होने पर मुआवजा मांगा
नोएडा के जेवर तहसील के दस गांवों के 478 किसानों ने पिछले महीने आई बाढ़ और बारिश से फसल खराब होने का दावा किया है। उन्होंने शासन से मुआवजे की मांग की है। लेखपालों ने सर्वेक्षण करके 180 हेक्टेयर भूमि...

नोएडा, संवाददाता। जेवर तहसील के दस गांवों के किसानों ने पिछले महीने बारिश और यमुना में आई बाढ़ से फसल खराब होने का दावा कर शासन से मुआवजे की मांग की है। जेवर तहसील के लेखपालों ने सर्वेक्षण कर इससे संबंधित रिपोर्ट राहत पोर्टल पर दर्ज की है। दरअसल, हथिनी कुंड बैराज से यमुना में छोड़े गए पानी और अत्याधिक बारिश से जेवर तहसील के झुप्पा, कानीगढ़ी, शमशमनगर, करौली खादर, सिरौली बांगर, महेंदीपुर खादर, तकीपुर खादर और रन्हेरा आदि गांवों के किसानों की फसलें खराब हो गई थी। दस गांवों के 478 किसानों ने बाढ़ में फसलें खराब होने का दावा कर शासन से मुआवजे की मांग की।
किसानों की मांग पर जिला प्रशासन ने तहसील प्रशासन और लेखपालों से फसलों के नुकसान की रिपोर्ट राहत पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए कहा था। जेवर तहसील के लेखपालों ने सर्वे करते हुए 478 किसानों की रिपोर्ट राहत पोर्टल पर दर्ज की है। सर्वे में इन किसानों की 180 हेक्टेयर भूमि में लगी फसलों के 33 प्रतिशत या उससे अधिक नुकसान की पुष्टि की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




