Noida News: संपत्ति विवाद में फावड़े से वार कर भाई की हत्या
Noida News: ग्रेटर नोएडा, ब्रिजेश कुमार। जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में पुलिस चौकी के समीप रविवार की

Noida News: ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में पुलिस चौकी के समीप रविवार की देर रात एक किसान नेता की फावड़े से वार कर हत्या कर दी गई। हत्या में छोटे भाई का नाम सामने आ रहा है। आरोप है कि संपत्ति विवाद में भाई ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नीमका गांव निवासी भोले शंकर अपने खेत में पुलिस चौकी के पास एक दुकान का निर्माण करवा रहे थे, जिसमें वह बिल्डिंग मेटेरियल सप्लायर का काम करने वाले थे। बताया गया है कि रविवार की रात उनका बेटा उन्हें दुकान पर छोड़कर गया था। दुकान पर सो रहे भोले शंकर की रात में हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह भोले शंकर के घर न आने पर उनका बेटा दुकान पर गया तो पिता का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संपत्ति विवाद में भाई ने हत्या की। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
पांच दिन पहले विवाद हुआ
भोले शंकर किसान नेता थे। वह कई किसान संगठनों से जुड़े हुए थे। पुलिस के मुताबिक भोले का छोटे भाई देवेंद्र से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। करीब पांच दिन पहले भी दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। संपत्ति विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है.
आरोपी सीसीटीवी में कैद हुआ
किसान नेता की हत्या की खबर सुनकर सोमवार की सुबह काफी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर इकट्ठा हो गए। इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि पुलिस चौकी के सामने हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। हमलावर आसानी से फरार हो गया। पुलिस को भनक तक नहीं लगी। ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस के काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखी। इसमें आरोपी घटनास्थल से जाता दिखाई दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार का घटना का खुलासा किया जाएगा.

