Faridabad News: दुकानदार नामी कंपनी का पेंट्स बेचते पकड़ा
Faridabad News: फरीदाबाद, धनंजय चौहान। एसजीएम नगर थाना क्षेत्र में एशियन पेंट्स के नाम से कथित

Faridabad News: फरीदाबाद, धनंजय चौहान। एसजीएम नगर थाना क्षेत्र में एशियन पेंट्स के नाम से कथित नकली पेंट बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी की ओर से अधिकृत जांच अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने पटेल चौक स्थित पेंट और हार्डवेयर की दुकान पर छापामारी कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने दुकान से एशियन पेंट्स के नाम वाली छह बाल्टियां बरामद की। पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर दुकान संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की शिकायत
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को एसजीएम नगर थाने में एसजीएस आईपीआर कंसल्टेंसी के वरिष्ठ जांच अधिकारी अनुज कुमार ने शिकायत दी थी। उनका आराेप था कि वह एशियन पेंट्स लिमिटेड के ट्रेडमार्क और कॉपीराइट के उल्लंघन से जुड़े मामलों में जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत हैं। उन्हें सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में कंपनी के नाम से कथित नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम अनुज कुमार और उनके साथ आए सहायक प्रबंधक राजेश कुमार को साथ लेकर जांच के लिए निकली। टीम पटेल चौक के नजदीक दुकान नंबर डी-121 स्थित गुप्ता पेंट एंड हार्डवेयर पर पहुंची। यहां एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम विकास गुप्ता, निवासी एफसीए-251, एसजीएम नगर बताया और खुद को दुकान का मालिक बताया।
छह बाल्टियां बरामद होने का दावा
एफआईआर के अनुसार, दुकान की तलाशी लेने पर एशियन पेंट्स के नाम वाली छह बाल्टियां मिलीं। इनमें एपेक्स डस्ट प्रूफ की 20 और 10 लीटर की एक-एक बाल्टी, एपेक्स शाइन की 20 लीटर की एक बाल्टी, एप्कोलाइट प्रीमियम इमल्शन की 20 लीटर की एक बाल्टी तथा ट्रैक्टर इमल्शन की 20 और 10 लीटर की एक-एक बाल्टी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी बाल्टियों में अलग-अलग प्रकार का पेंट भरा था। बरामद सामान को अलग-अलग सफेद प्लास्टिक के कट्टों में रखकर सील किया गया और पुलिस कब्जे में ले लिया गया। एफआईआर में बरामदगी की वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य एप पर अपलोड किए जाने का भी उल्लेख है। पुलिस के मुताबिक, मौके पर पेंट का नमूना नहीं लिया गया।
बिक्री और आपूर्ति की भी होगी जांच
पुलिस का आरोप है कि दुकान संचालक द्वारा एशियन पेंट्स कंपनी के कॉपीराइट का इस्तेमाल कर कथित नकली उत्पादों की खरीद-बिक्री और आपूर्ति की जा रही थी। इस मामले में विकास गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पेंट कहां से आया था और इसकी आपूर्ति किसके माध्यम से की गई। दुकान पर इससे पहले भी ऐसे उत्पाद बेचे गए थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। बरामद सामान से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


