तीन सड़कों का विस्तार होगा
ग्रेटर नोएडा में नोएडा एयरपोर्ट और यमुना सिटी से जुड़ने के लिए तीन सड़कों का विस्तार होगा। एक एलिवेटेड रोड ओखला बैराज से जीबीयू तक प्रस्तावित है, जो यमुना एक्सप्रेसवे को नोएडा और दिल्ली से जोड़ेगी। एनएचएआई से इन परियोजनाओं के निर्माण को लेकर चर्चा चल रही है।

ग्रेटर नोएडा, प्रमुख संवाददाता। नोएडा एयरपोर्ट और यमुना सिटी में सुगम आवागमन के लिए तीन सड़कों का विस्तार होगा। इससे एयरपोर्ट की दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़ और गाजियाबाद से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी। अपर मुख्य सचिव व आईआईडीसी दीपक कुमार के साथ गुरुवार को अधिकारियों की नोएडा में बैठक हुई। इनमें तीन रूट पर सहमति बनी। अब इनके निर्माण के लिए पत्र एनएचएआई को भेजा जाएगा, जिससे इन प्रोजेक्टों पर काम हो सके।यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ओखला बैराज से जीबीयू के पास तक एक एलिवेटेड रोड बनाई जानी प्रस्तावित है। यह रोड यमुना एक्सप्रेसवे को सीधे नोएडा और दिल्ली से जोड़ेगी।
इसके अलावा एनएच-24 गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर रोड को यमुना सिटी को सिरसा के पास जोड़ने के प्रस्ताव पर पहले से काम चालू है। इसी सड़क को यमुना सिटी के बीच से होते हुए आगे प्रस्तावित खुर्जा-पलवल एक्सप्रेसवे होत हुए अलीगढ़-पलवल पर रोड पर जट्टारी बाईपास से जोड़ा जाना है। इससे गाजियाबाद और अलीगढ़ दोनों यमुना सिटी और नोएडा एयरपोर्ट से सीधे जुड़ जाएंगे। इनको लेकर एनएचएआई से बातचीत भी चल रही है। अधिकारियों के मुताबिक एलिवेटेड रोड करीब 32 किलोमीटर की होगी। वहीं, 130 मीटर रोड को करीब 65 किलोमीटर विस्तारित किया जाएगा। इसमें 21 किलोमीटर सड़क यमुना सिटी फेज-1 में बनाई जानी है। सीईओ ने बताया कि तीसरे प्रोजेक्ट में कार्गो हब तक एक वीआईपी रोड एनएचएआई बना रहा है। इस रोड को आगे प्रस्तावित खुर्जा-पलवल एक्सप्रेसवे तक बढ़ाए जाने पर सहमति बनी है। इस काम को भी एनएचएआई से ही कराया जाना है।

