पानी में डूबने पर दम घुटने और हार्टअटैक से इंजीनियर की मौत हुई
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज की मौत पानी में डूबने और हार्टअटैक से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हुआ। युवराज ने मदद मांगी थी लेकिन बचाया नहीं गया। उनके पिता ने हरिद्वार में गंगा में अस्थि विसर्जन किया। युवराज के निधन से परिवार को गहरा सदमा लगा है।

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज की मौत पानी में डूबने पर दम घुटने और हार्टअटैक से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हुआ है। इंजीनियर ने पानी में डूबने से पहले मदद मांगी थी, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका था। नॉलेज पार्क थाना पुलिस के मुताबिक इंजीनियर युवराज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार पानी में डूबने से युवराज के फेफड़ों में एक से दो लीटर पानी भर गया था, जबकि पेट में 200 मिलीलीटर पानी था। करीब दो घंटे तक शव पानी में डूब रहा था। इससे स्पष्ट होता है कि डूबने और दम घुटने के कारण उनकी मृत्यु हुई।
डॉक्टरों का मानना है कि अत्यधिक तनाव, ठंड और लंबे समय तक मदद न मिलने के कारण युवराज घबरा गया था और उसे हार्टअटैक आया। हरिद्वार में अस्थि विसर्जन हुआ टाटा यूरेका सोसाइटी निवासी इंजीनियर युवराज के पिता राजकुमार मेहता बेटे की अस्थि लेकर सोमवार को हरिद्वार पहुंचे। गंगा में अस्थि विसर्जन किया गया। सोसाइटी के लोगों ने बताया राजकुमार मेहता अपने रिश्तेदारों के साथ सोमवार की सुबह हरिद्वार के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि दोपहर को गंगा में अस्थि विसर्जन किया गया। जवान बेटे की मौत के बाद से पिता राजकुमार को गहरा सदमा लगा है। युवराज उनका इकलौता बेटा था। बेटे के कंधे पर पिता के बुढ़ापे की जिम्मेदारी थी। पिता ने अपनी आंखों के सामने बेटे को खो दिया। इस दर्द को वह भूल नहीं पा रहे। सोसाइटी के लोग, परिचित और रिश्तेदार युवराज के पिता को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




