
स्पर्धा में मुक्केबाज आज से भिड़ेंगे
4 से 10 जनवरी तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में देश के दिग्गज मुक्केबाज
ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में रविवार को एलीट पुरुष-महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप का आगाज होगा। इसमें मौजूदा विश्व चैंपियन समेत कई दिग्गज मुक्केबाजी चार से 10 जनवरी तक प्रतिस्पर्धा करेंगे। आयोजकों के मुताबिक दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है। यह पहली बार होगा जब पुरुष और महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप एक ही स्थान पर एक साथ आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 600 पुरुष और महिला मुक्केबाज 10-10 भार वर्गों में हिस्सा लेंगे। जीबीयू के इंडोर स्टेडियम में तीन रिंग बनाए गए हैं। इसमें 1 जनवरी 1985 और 31 दिसंबर 2006 के बीच पैदा हुए मुक्केबाज ही हिस्सा लेंगे।
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद कुमार ने बताया कि एक दिन में 30 से 35 मुकाबले होंगे। प्रत्येक सदस्य संघ अधिकतम 10 पुरुष और 10 महिला मुक्केबाजों को भेज सकता है, जबकि नवंबर 2025 में नोएडा में आयोजित विश्व बॉक्सिंग कप फाइनल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को चैंपियनशिप में सीधा प्रवेश दिया गया है। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह का कहना है कि भारतीय मुक्केबाजी लगातार प्रगति कर रही है, हमारे मुक्केबाज विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल में अपना दबदबा बनाए हुए हैं। ये दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे इसमें हिस्सा लेने वालों में मौजूदा विश्व चैंपियन जैस्मीन, ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन, विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता पूजा रानी और परवीन, पूर्व विश्व चैंपियन नीतू घंघास, एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार और विश्व बॉक्सिंग कप फाइनल के स्वर्ण पदक विजेता हितेश और सचिन, रजत पदक विजेता अभिनश जमवाल, एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता नरेंद्र बेरवाल और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अमित पंघाल शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




