बातों में उलझाकर महिला के गहने ले भागा बदमाश
नोएडा के सेक्टर नौ स्थित सब्जी मंडी में एक बुजुर्ग महिला के गहने बदमाशों ने चुराए। महिला सब्जी खरीदने गई थीं, तभी एक युवक ने उन्हें एक पैकेट थमाया। पैकेट लेने पर महिला बेहोश हो गईं। होश में आने पर गहने गायब मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

नोएडा, संवाददाता। सेक्टर नौ स्थित सब्जी मंडी में बदमाशों ने बातों में उलझाकर एक बुजुर्ग महिला के गहने उतरवाकर फरार हो गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत फेज वन थाने की पुलिस से की है। सेक्टर-19 निवासी मिथिलेश देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 फरवरी को शाम करीब साढ़े पांच बजे वह सब्जी खरीदने मंडी गई थीं। जब वह सब्जी खरीद रही थीं,तभी एक युवक उनके पास आया और उन्हें एक पैकेट देने लगा। महिला ने मना किया, लेकिन उसने जबरन पैकेट हाथ में थमा दिया। पैकेट लेते ही महिला को चक्कर आया और वह कुछ समय के लिए बेसुध हो गईं।
होश आने पर वह घर पहुंचीं। घर के नीचे सामान उतारते समय उन्हें पता चला कि उनके हाथ की सोने की अंगूठी, कान के टॉप्स और गले की सोने की चेन गायब हैं। पैकेट खोलने पर उसमें सिर्फ 500 और 10 रुपये का नकली नोट व कागज निकले। सूचना पर फेज वन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



